Ranchi Durga Puja:
रांची। दुर्गा पूजा में अभी भले ही कुछ समय बाकी हो, लेकिन दुर्गा पूजा कमेटी अभी से ही इसकी तैयारियों में जुट गई है। राजधानी रांची में शारदीय नवरात्र की आहट के साथ ही एक बार फिर दुर्गा पूजा की भव्य तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। हर साल की तरह इस बार भी शहर की प्रमुख दुर्गा पूजा समितियां अद्भुत और भव्य पंडालों के निर्माण में जुट गई हैं। अब दुर्गा पूजा में महज दो महीने का समय रह गया है, तो कहीं पंडाल निर्माण का कार्य 30% पूरा हो चुका है, तो कहीं अब भी प्रारूप को अंतिम रूप देने की कवायद जारी है। हालांकि रांचीवासियों में इस बात को लेकर खासा उत्साह है कि इस वर्ष किस समिति द्वारा कौन-सी थीम पर आधारित पंडाल तैयार किया जा रहा है।

इस वर्ष के पंडाल की झलक
इस वर्ष रांची में दुर्गा पूजा पंडाल पहले की ही तरह बेहतरीन होने वाली है। बताया जा रहा है कि इस वर्ष बकरी बाजार विश्व प्रसिद्ध हिंदू मंदिर आंगकोरवाट की थीम पर तैयार हो रहा है। कंबोडिया में स्थित यह मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है और हिंदू स्थापत्य कला का अद्वितीय उदाहरण माना जाता है। बता दें कि धुर्वा ने बीते वर्ष अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति तैयार की थी जिसने लोगों का मन मोह लिया था। वहीं इस वर्ष धुर्वा में वृंदावन स्थित प्रेम मंदिर की थीम पर पंडाल बनाई जा रही है। रातू रोड की आरआर स्पोर्टिंग क्लब दुर्गा पूजा समिति हर साल भव्य और अनूठे प्रारूपों के लिए चर्चित रहती है। इस बार समिति वैटिकन सिटी की थीम पर पंडाल बना रही है। वहीं हरमू भी इस बार एक खास थीम के साथ लोगों के सामने आने को तैयार है। हर वर्ष की तरह इस बार भी समिति द्वारा काल्पनिक मंदिर के प्रारूप पर काम किया जा रहा है।

रांची की दुर्गा पूजा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि स्थापत्य, संस्कृति और रचनात्मकता का भव्य उत्सव है। आंगकोरवाट से लेकर वैटिकन और प्रेम मंदिर तक की थीमों से सजे इन पंडालों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं राजधानी के लोग।
इसे भी पढ़ें