Dhanteras 2025:
रांची। धनतेरस से पहले रांची के बाजार में सोना और चांदी की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। पिछले पांच दिनों में ही सोना 4,500 रुपए महंगा होकर 1,09,700 रुपए से बढ़कर 1,14,200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी की कीमत 12,000 रुपए उछलकर 1,66,000 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है। पिछले साल 10 अक्टूबर 2024 को रांची में सोना 70,300 प्रति 10 ग्राम और चांदी 91,000 रुपए प्रति किलोग्राम थी।
यानी एक साल में सोना 63 प्रतिशत और चांदी 82 प्रतिशत महंगी हो गई है।
बनें निवेश का विकल्पः
सर्राफा कारोबारियों के अनुसार, सोना-चांदी अब केवल गहनों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह एक विश्वसनीय निवेश विकल्प बन चुके हैं। बढ़ती महंगाई, वैश्विक आर्थिक अस्थिरता और त्योहार तथा शादी के सीजन की मांग ने कीमतों को और ऊपर पहुंचा दिया है। ऐसे में लोग डर के बजाय मुनाफे की उम्मीद में जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
और महंगा होने की संभावनाः
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में इन धातुओं के दामों में और तेजी आ सकती है। इसलिए निवेशक और आम उपभोक्ता, दोनों ही फिलहाल इस मौके को गंवाना नहीं चाहते।
बाजार में ग्राहकों के लिए क्या-क्या ऑफर्सः
सोने की कीमत पर प्रति ग्राम 100 से 300 रुपए तक की दी जा रही है छूट।
सोने- चांदी के गहनों पर मेकिंग चार्ज में भारी छूट, बेस्ट रेट ऑफर के तहत बुकिंग।
किस्तों में भी उपलब्ध कराया जाने लगा है जेवर।
सोना एक्सचेंज करने पर जीरो डीडक्शन ऑफर भी हैं।
कीमतों में वृद्धि, पर बढ़ रही खरीददारीः
धनतेरस पर सोना-चांदी की खरीदारी काफी शुभ मानी जाती है। इसलिए भले ही सोना और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच चुकी है, पर खरीदारी की रफ्तार बढ़ रही है। रांची के ज्वेलरी शो-रूम पर धनतेरस की बुकिंग के लिए ग्राहक उमड़ने लगे हैं। लोग बेस्ट गोल्ड-सिल्वर बाय ऑफर पर बुकिंग करा रहे हैं। वहीं, अन्य ऑफरों का लाभ भी उठा रहे हैं। शादी की खरीदारी भी लोग धनतेरस के दिन ही करना चाह रहे हैं।
धनतेरस तक 125000 रु. हो सकता है सोनाः
रांची सोना-चांदी व्यवसायी समिति के अध्यक्ष जीतेंद्र वर्मा ने कहा कि इस समय सोना-चांदी का ट्रेंड बढ़ने का है। इसलिए लोग चढ़े भाव में भी ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं। धनतेरस की बुकिंग तेजी से हो रही है। अंतराष्ट्रीय शेयर बाजारों में गिरावट का रुख है, इसलिए लोग कीमती धातुओं में निवेश ज्यादा कर रहे हैं।
ग्लोबल मार्केट में डॉलर भी कमजोर हो रहा है। भारत में त्योहार और लग्न की मांग काफी बढ़ गई है। रांची में सोना धनतेरस तक और बढ़कर करीब 1,25,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच सकता है। इसी अनुपात में चांदी की कीमत भी बढ़ सकती है। सोना की बढ़ती कीमतों के समर्थन से चांदी भी ऑल टाइम हाई पर है। चांदी की औद्योगिक मांग काफी बढ़ गई है।
पिछले 10 दिनों में रांची का रेटः
तारीख सोना चांदी
1 अक्टूबर 108700 149000
2 अक्टूबर 109100 153000
3 अक्टूबर 109100 153000
4 अक्टूबर 109300 154000
5 अक्टूबर 109700 154000
6 अक्टूबर 109700 154000
7 अक्टूबर 111600 156000
8 अक्टूबर 113300 155000
9 अक्टूबर 114000 157000
10 अक्टूबर 114200 166000
इसे भी पढ़ें
Dhanteras 2025: धनतेरस पर सोने-चांदी के अलावा इन चीज़ों की खरीदारी भी है बेहद शुभ