Home remedies for constipation:
नई दिल्ली,एजेंसियां। कब्ज एक आम पाचन समस्या है, जिससे पेट साफ नहीं होता और व्यक्ति को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मल सख्त होने के कारण बवासीर, पेट की सूजन और अन्य संक्रमणों का खतरा बढ़ जाता है। कब्ज के चलते शरीर में थकान, आलस और काम में मन न लगना जैसी समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। इस समस्या से निजात पाने के लिए प्रसिद्ध डॉक्टर हंसाजी ने कुछ प्रभावशाली नेचुरल तरीके सुझाए हैं, जिन्हें अपनाकर घर बैठे आराम पाया जा सकता है।
पर्याप्त पानी पीना
डॉक्टर हंसाजी के अनुसार, कब्ज की सबसे बड़ी वजह शरीर में पानी की कमी होती है। रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से पाचन तंत्र सही रहता है और मल नरम बनता है। सुबह उठते ही एक गिलास गर्म पानी और रात को सोने से पहले आधा गिलास गर्म पानी पीने की आदत डालें। इसके अलावा, भोजन से पहले आधे घंटे और भोजन के एक घंटे बाद पानी पीना फायदेमंद रहता है। छाछ, जूस और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों को भी अपनी डाइट में शामिल करें।
वॉकिंग और हल्की एक्सरसाइज
भोजन के 15 मिनट बाद कम से कम 15 मिनट टहलना कब्ज से राहत दिलाने में मदद करता है। रोजाना 8,000 से 10,000 कदम चलना और सुबह की सैर करना भी पाचन प्रणाली को दुरुस्त रखने के लिए लाभकारी है।
फाइबर युक्त आहार
कब्ज से बचने के लिए फाइबर का पर्याप्त सेवन जरूरी है। फल, सब्जियां और हरी सब्जियों को रोजाना भोजन में शामिल करें। खाने के 1-2 घंटे बाद पका पपीता और केला भी कब्ज दूर करने में मदद करता है। मांसाहारी और जंक फूड से परहेज करें।
योग और स्ट्रेचिंग
लंबे समय तक बैठे रहने या काम में व्यस्त रहने से कब्ज बढ़ती है। पश्चिमोत्तानासन, अर्ध मत्स्येन्द्रासन, त्रिकोणासन, सुप्तवक्रासन, वीरभद्रासन, भुजंगासन और पवनमुक्तासन जैसी योग मुद्राएं पाचन सुधारने और कब्ज से राहत दिलाने में सहायक होती हैं।
प्रोबायोटिक खाद्य पदार्थ
प्रोबायोटिक्स यानी लाभकारी बैक्टीरिया कब्ज को दूर करने में मदद करते हैं। दही इसका सबसे अच्छा स्रोत है। रोजाना दही का सेवन पाचन तंत्र को स्वस्थ रखता है और पुराने कब्ज को दूर करता है। इन नेचुरल उपायों को अपनाकर कब्ज की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। हालांकि, गंभीर या लगातार कब्ज की स्थिति में डॉक्टर से परामर्श लेना आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें