MLA Sanjeev Singh:
धनबाद। झारखंड के झरिया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक संजीव सिंह को नीरज सिंह हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उन्हें जमानत दे दी है। संजीव सिंह करीब 7 साल से जेल में बंद थे।
2017 में हुई थी नीरज सिंह की हत्याः
साल 2017 में धनबाद में कांग्रेस नेता और झरिया के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में संजीव सिंह मुख्य आरोपी बनाए गए थे। तभी से वे जेल में थे और लगातार जमानत याचिकाएं दायर कर रहे थे, लेकिन निचली अदालत और हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली थी।
सेहत का भी दिया गया हवालाः
अब सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में संजीव सिंह की जमानत याचिका स्वीकार कर ली है और उन्हें सशर्त जमानत दी गई है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि मामले की सुनवाई लंबी खिंचती जा रही है और संजीव सिंह पहले ही काफी समय से न्यायिक हिरासत में हैं। सुनवाई के दौरान संजीव सिंह की ओर से उनकी सेहत का भी हवाला दिया गया। बताया गया कि पिछले दो साल से वे बीमार चल रहे हैं।
बाहुबली सूर्यदेव सिंह के पुत्र हैं संजीव सिंहः
संजीव सिंह झारखंड के चर्चित राजनीतिक परिवार से आते हैं। वह बाहुबली मजदूर नेता सूर्यदेव सिंह के पुत्र हैं। वे झरिया से बीजेपी विधायक रह चुके हैं और उनका परिवार धनबाद कोलफील्ड क्षेत्र में बड़े राजनीतिक और कोयला व्यवसाय से जुड़ा हुआ रहा है।
इसे भी पढ़ें
पूर्व विधायक संजीव सिंह को इलाज के लिए भेजा जाएगा दिल्ली एम्स