Chhena Poda Recipe
नई दिल्ली,एजेंसियां। भारत के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद समय के साथ बदलता जा रहा है, लेकिन कई पुराने व्यंजन आज भी अपनी खास पहचान बनाए हुए हैं। ऐसा ही एक डेज़र्ट है ओडिशा का मशहूर ‘छेना पोड़ा’, जिसे भारत का अपना ट्रेडिशनल चीज़केक भी कहा जाता है। दूध से बनने की वजह से यह प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत है और इसका मुलायम, जूसी और कैरामेलाइज़्ड स्वाद आपको विदेशी चीज़केक भी भुला देगा।
ओडिशा न केवल अपनी सांस्कृतिक धरोहर जैसे जगन्नाथ मंदिर, कोणार्क मंदिर और खूबसूरत समुद्री तटों—के लिए जाना जाता है, बल्कि इसकी पारंपरिक रेसिपीज़ भी बेहद खास हैं। इन्हीं में से एक है छेना पोड़ा, जिसे ओडिशा में दशकों से त्योहारों और खास मौकों पर बनाया जाता रहा है।
क्या चाहिए सामग्री?
छेना पोड़ा बनाने के लिए डेढ़ लीटर दूध, दो नींबू का रस, 150 ग्राम तक चीनी, दो बड़े चम्मच घी, काजू-किशमिश, इलायची और लगभग 40 ग्राम सूजी चाहिए होती है। दूध फाड़कर तैयार किए गए छेना को स्मूद किया जाता है, इसमें सूजी, चीनी, इलायची और मेवे मिलाए जाते हैं और फिर धीमी आंच पर कुकर में बेक होने दिया जाता है। देसी घी की हल्की परत ऊपर से इसे खास सुगंध और कैरामेल क्रस्ट देती है।
कैसे बनाएं स्टेप बाय स्टेप
दूध उबालकर नींबू के रस से छेना तैयार किया जाता है। फिर इसे पानी से धोकर मैश किया जाता है। छेना में सूजी, चीनी और इलायची मिलाकर 15 मिनट के लिए छोड़ दिया जाता है ताकि सूजी फूल जाए। इसके बाद मेवे और थोड़ा सा बचा हुआ छेना का पानी मिलाकर मिश्रण तैयार किया जाता है। घी से ग्रीस किए बर्तन में मिश्रण डालकर कुकर में बहुत धीमी आंच पर सुनहरा होने तक बेक किया जाता है।
धीरे-धीरे पकने पर इसका स्वाद खुद-ब-खुद कैरामेलाइज़ होकर एक शानदार देसी केक का रूप ले लेता है—जिसे बच्चे भी बार-बार बनाने की फरमाइश करेंगे।स्वाद और पोषण का अनोखा मेल होने के कारण छेना पोड़ा आज भी ओडिशा की पहचान और भारतीय मिठाइयों में एक स्टार डेज़र्ट माना जाता है।








