Steamed Indian snacks
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय भोजन को अक्सर ज्यादा तेल और मसालों से भरपूर माना जाता है, लेकिन हकीकत यह है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे कई पारंपरिक व्यंजन हैं जो भाप में पकाए जाते हैं और सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। खासतौर पर ब्रेकफास्ट में इन डिशेज को शामिल करने से पाचन सही रहता है, वजन कंट्रोल में रहता है और शरीर को जरूरी पोषण भी मिलता है। भाप में पकने की वजह से इनमें पोषक तत्व सुरक्षित रहते हैं और अतिरिक्त फैट भी नहीं बढ़ता।
- पुट्टु (केरल):
केरल की मशहूर डिश पुट्टु चावल के आटे और नारियल से बनाई जाती है। यह पूरी तरह स्टीम्ड डिश है, जिसमें तेल का इस्तेमाल नहीं होता। इसे कडला करी, पके केले या थोड़े से घी के साथ परोसा जाता है। हल्का होने के साथ-साथ यह लंबे समय तक पेट भरा रखती है। - ढोकला (गुजरात):
ढोकला देश ही नहीं, विदेशों में भी पसंद किया जाता है। बेसन या चावल के घोल से बनने वाला यह व्यंजन भाप में पकाया जाता है। ऊपर से हल्का सा तड़का और हरी चटनी इसे स्वादिष्ट बनाते हैं। यह लो-कैलोरी और हाई-प्रोटीन ब्रेकफास्ट माना जाता है। - सिड्डू (हिमाचल प्रदेश):
हिमाचल की पारंपरिक डिश सिड्डू गेहूं के आटे से बनाई जाती है और इसमें अखरोट, दाल या भांग के बीजों की स्टफिंग होती है। इसे भाप में पकाकर ऊपर से देसी घी डाला जाता है। यह ठंडे मौसम में खासतौर पर पसंद किया जाता है। - मेथी मुठिया (गुजरात):
हरी मेथी और बेसन से बनी मुठिया को पहले भाप में पकाया जाता है। बाद में हल्का सा तड़का दिया जाता है। यह फाइबर से भरपूर होती है और पाचन के लिए अच्छी मानी जाती है। - इडली (दक्षिण भारत):
इडली सबसे लोकप्रिय स्टीम्ड डिश में से एक है। चावल और दाल से बनी इडली नारियल की चटनी और सांभर के साथ सेहतमंद ब्रेकफास्ट मानी जाती है। - खांडवी (गुजरात):
खांडवी भले ही सीधे स्टीमर में न बने, लेकिन यह कम तेल और हल्की प्रक्रिया से तैयार होती है। बेसन से बनी यह डिश स्वाद और सेहत दोनों में बेहतरीन है। - पात्रा/पतोड़:
अरबी के पत्तों और बेसन से बने पात्रा को पहले भाप में पकाया जाता है, फिर हल्का सा तड़का दिया जाता है। यह स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी होता है।

