35 लोगों को किया रेस्क्यू, पूरे राज्य में रेड अलर्ट, बिजली से 2 की मौत
रांची। रांची समेत झारखंड के 15 जिलों में लगातार तेज बारिश के से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रांची में तो स्थिति और भी बुरी है।
शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए। सड़क पर कमर तक पानी भर गया। घरों में रखे सामान पानी में तैर रहे हैं। जगह-जगह पेड़ गिरने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।
दीपाटोली में फंसे सैकड़ो लोग
रांची के दीपाटोली रोड नंबर पांच में सैकड़ों घरों में पांच फीट तक पानी जमा हो गया। लोग फंस गए तो उन्हें रेस्क्यू करने के लिए NDRF को उतारा गया।
ऐसा पहली बार हुआ है जब रांची में बारिश के बाद NDRF को उतारा गया है। टीम ने अब तक 35 लोगों का रेस्क्यू किया है।

कुडू से रांची जाने वाले नेशनल हाईवे में अत्यधिक बारिश होने के कारण रातू पहुंचने वाला डायवर्सन क्षतिग्रस्त हो गया है। वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दिया गया है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए पूरे राज्य में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के सभी जिले के उपायुक्त को पत्र लिख कर अलर्ट रहने को कहा है।
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राज्य सरकार ने केजी से 12वीं क्लास तक के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों 3 अगस्त तक बंद के आदेश दिए हैं। उधर, गढ़वा में ठनका गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।
रांची में पहली बार उतरी NDRF
रांची मे गुरुवार रात दो बजे से बारिश जो शुरू हुई है, वह रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। तेज हवा के साथ हो रही बारिश ने ऐसी आफत मचाई है कि रांची शहर में पहली बार NDRF को उतारा गया।
शुक्रवार दोपहर दीपाटोली रोड नंबर पांच में सैकड़ों घरों में पांच फीट तक पानी जमा हो गया। टीम ने अब तक 35 लोगों का रेस्क्यू किया।
लगातार हो रही बारिश को लेकर रांची नगर निगम भी अलर्ट मोड में है। निगम की ओर से आम नागरिकों के लिए अलर्ट भी जारी किया गया है।
आयोग की ओर से कहा गया है कि अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें। घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और जरूरी वस्तुएं पहले से तैयार रखें।
जल-जमाव की स्थिति होने पर टॉल फ्री नंबर 1800-570-1235 या Whatsapp 814-123-1235 पर तुरंत सूचित करें।
बीते 24 घंटे में दूसरे जिले में कैसा रहा मौसम
बीते 24 घंटे में गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भी भारी बारिश हुई। पश्चिमी सिंहभूम के हिरणी जलप्रपात में अचानक पानी आ गया है। जिसके बाद सैलानियों को वहां से हटाया गया।
जामताड़ा में बारिश के कारण बिजली गुल रही। कई निचले इलाके में पानी भर गया, सड़कें जलमग्न हो गईं।
जामताड़ा से सटे आसनसोल जैसे बड़े शहर के रेलपार में बाढ़ जैसे हालात हो गए। नीचे तल के घरों में पानी भर आया। लोग ऊंचे तथा सुरक्षित स्थानों कि ओर रुख करते देखे गए।
आज भी भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने शनिवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है।
सीएम के आदेश के मुताबिक, केजी से 12वीं तक की कक्षाएं बंद रहेंगी। बारिश के दौरान बच्चों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।
लगभग हर जिले में हाल-बेहाल
केवल राजधानी रांची में ही बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है, ऐसा नहीं है। राज्य के अधिकांश जिलों में हाल-बेहाल है।
कई जिलों से आकाशीय बिजली गिरने से मौत की भी सूचना है। वहीं प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में भैरवी और दामोदर का जल स्तर बढ़ने से दुकानें बह गई।
बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर के कारण बारिश
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बना हुआ है। इस वजह से पश्चिम बंगाल सहित झारखंड में जोरदार बारिश हो रही है। झारखंड के पश्चिम और उत्तर पश्चिम क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई।
इसी लो प्रेशर की वजह से आज भी बारिश होगी। रांची में आज हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
चार और पांच अगस्त को बारिश में कमी हो सकती है। छह अगस्त को फिर रांची सहित राज्य के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
इसे भी पढ़ें