चंडीगढ़। किसानों और पुलिस के बीच एक बार फिर हिंसक झड़प हुई है। शुक्रवार को हरियाणा के हिसार में पुलिस और किसानों के बीच टकराव हो गया।
किसान खनौरी बॉर्डर पार कर के पंजाब के किसानों के पास जाना चाह रहे थे। इसके लिए वे पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो वे भिड़ गये। किसानों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें कई पुलिसवाले चोटिल हो गये।
इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया। पुलिस ने पहले लाठियां भांजी फिर आंसू गैस के गोले छोड़े। किसानों के पथराव में थाना नारनौंद के एसएचओ चंद्रभान घायल हो गए हैं।
इसके बाद हरियाणा पुलिस ने आंदोलनकारी रहे किसान नेताओं के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की तैयारी कर ली है।
अंबाला रेंज के IG सिबाश कबिराज ने इसकी पुष्टि की है। हरियाणा पुलिस ने कहा है कि प्रदर्शन के दौरान सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई भी आंदोलनकारी किसान नेताओं से की जाएगी। इसके लिए उनकी संपत्ति कुर्क और बैंक खाते सीज किए जाएंगे।
इधर पंजाब-हरियाणा के खनौरी बॉर्डर पर युवा आंदोलनकारी की मौत के विरोध में किसानों ने शुक्रवार को ब्लैक डे मनाया।
किसानों ने 26 फरवरी को देशभर में ट्रैक्टर मार्च और 14 मार्च को दिल्ली में महापंचायत करने का निर्णय लिया है।
इसे भी पढ़ें
छात्रों की भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले को चैन से रहने नही देंगे : शशांक राज