Tej Pratap Yadav security
पटना, एजेंसियां। जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे Tej Pratap Yadav की जान को खतरा है। उन्होंने खुद अपनी जान को खतरा बताते हुए बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है। पत्र के जरिए उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
पूर्व पार्टी प्रवक्ता से जान का खतरा होने का आरोपः
Tej Pratap Yadav ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि JJD के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष रेनू यादव से उन्हें जान का खतरा है। उन्होंने दावा किया कि संतोष रेनू यादव लगातार फोन कॉल और मैसेज के जरिए उन्हें धमकियां दे रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
पार्टी से निष्कासन के बाद बढ़ा विवादः
तेज प्रताप यादव के अनुसार, संतोष रेनू यादव पार्टी और उनकी व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे, जिसके चलते उन्हें जनशक्ति जनता दल से निष्कासित कर दिया गया था। निष्कासन के बाद से ही कथित तौर पर धमकियों का सिलसिला शुरू हो गया है।
Tej Pratap Yadav ने की गृह मंत्री से ये अपीलः
तेज प्रताप यादव ने गृह मंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने और उन्हें उचित सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने लिखा है कि एक जनप्रतिनिधि की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सचिवालय थाना में दर्ज कराई शिकायतः
तेज प्रताप यादव ने इस मामले को लेकर पटना के सचिवालय थाना में भी औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में संतोष रेनू यादव पर धमकी देने, मानसिक उत्पीड़न करने और उनकी सुरक्षा को खतरे में डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।








