BMC Election Result 2026
मुंबई, एजेंसियां। महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत 29 नगर निगमों के चुनाव नतीजों की घोषणा आज की जा रही है। सुबह 10 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। अब तक सामने आए रुझानों ने मुंबई की राजनीति में बड़ा संकेत दिया है। BMC चुनाव में ठाकरे बंधु—उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) मिलकर बीजेपी से आगे निकलते नजर आ रहे हैं। वहीं, मुंबई में एनसीपी नेता नवाब मलिक के भाई कप्तान मलिक को हार का सामना करना पड़ा है।
BMC में कांटे की टक्कर, ठाकरे बंधुओं को बढ़त
अब तक 178 सीटों पर आए रुझानों के अनुसार बीजेपी 63 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि शिवसेना (UBT) 62 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। राज ठाकरे की MNS 9 सीटों पर आगे है। इस तरह ठाकरे बंधुओं के दोनों दल मिलकर बीजेपी से आगे निकल गए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना 20 सीटों पर, कांग्रेस 11 सीटों पर और अजित पवार गुट की एनसीपी सिर्फ 1 सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
अन्य नगर निगमों में BJP का दबदबा
मुंबई के अलावा राज्य के अन्य नगर निगमों में बीजेपी का प्रदर्शन मजबूत नजर आ रहा है। पुणे नगर निगम में बीजेपी ने एनसीपी पर स्पष्ट बढ़त बना ली है, जहां अजित पवार की पार्टी सिर्फ 3 सीटों पर आगे है। नागपुर में भी बीजेपी का दबदबा दिख रहा है। कोल्हापुर से आए शुरुआती नतीजों में बीजेपी ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, वसई-विरार में बहुजन विकास अघाड़ी आगे चल रही है।
काउंटिंग पर कड़ी निगरानी
मतगणना के लिए 23 काउंटिंग रूम बनाए गए हैं और 227 वार्डों के लिए 23 इलेक्शन डिसीजन ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। म्युनिसिपल कमिश्नर और जिला निर्वाचन अधिकारी भूषण गगरानी ने बताया कि काउंटिंग प्रक्रिया चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ की जा रही है। CCTV, पुलिस बल, ट्रैफिक कंट्रोल और मेडिकल सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
फाइनल नतीजों का इंतजार है, लेकिन शुरुआती रुझानों ने साफ कर दिया है कि BMC चुनाव में मुकाबला बेहद दिलचस्प और राजनीतिक रूप से अहम साबित होने वाला है।








