BJP President Election:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन थोड़ी देर में दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन का भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है, क्योंकि शीर्ष नेतृत्व उनकी उम्मीदवारी का समर्थन कर रहा है। यदि कोई अन्य नामांकन नहीं आता, तो वे मंगलवार को औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे।
चुनाव की टाइमलाइन
नामांकन: दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक
जांच: शाम 4 बजे से 5 बजे तक
नामांकन वापसी: शाम 5 बजे से 6 बजे तक
घोषणा: मंगलवार को नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा
मतदान (जरूरत पड़ने पर): 20 जनवरी को
कैसे होता है भाजपा अध्यक्ष का चुनाव?
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों से बने निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है। पार्टी संविधान के अनुसार, उम्मीदवार को कम से कम चार कार्यकाल का सक्रिय सदस्य और 15 वर्ष की सदस्यता पूरी करनी होती है। प्रस्ताव कम से कम पांच राज्यों से आना अनिवार्य है।
कल शपथ ग्रहण
सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन कल सुबह 11:30 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
कौन हैं नितिन नबीन?
नितिन नबीन बिहार के वरिष्ठ नेता और मजबूत संगठनकर्ता माने जाते हैं। वे बांकीपुर विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रह चुके हैं। 2006 में उन्होंने पटना पश्चिम से विधानसभा में प्रवेश किया था। हाल ही में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और अब वे पार्टी की शीर्ष संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं।

