Satyam Tripathi RIP: टेलीविजन इंडस्ट्री में शोक की लहर, मशहूर टीवी लेखक सत्यम त्रिपाठी का हार्ट अटैक से निधन

2 Min Read

Satyam Tripathi RIP

मुंबई, एजेंसियां। भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जाने-माने टीवी लेखक और स्क्रीनराइटर सत्यम के त्रिपाठी का 25 दिसंबर 2025 को मुंबई में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह मात्र 45 वर्ष के थे। क्रिसमस के दिन उनके अचानक निधन से टीवी जगत में गहरा शोक फैल गया है। उनके असमय चले जाने को इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

“लेखकों का लेखक”

सत्यम के त्रिपाठी को टेलीविजन इंडस्ट्री में एक संवेदनशील और गहरे कथानक लिखने वाले लेखक के रूप में जाना जाता था। उन्हें अक्सर “लेखकों का लेखक” कहा जाता था। उनकी कहानियां आम जिंदगी, रिश्तों की जटिलताओं और सामाजिक मुद्दों को बेहद सशक्त तरीके से पेश करती थीं, जिससे दर्शक खुद को उनसे जोड़ पाते थे। लेखक होने के साथ-साथ वह स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन (SWA) में जॉइंट सेक्रेटरी के पद पर भी कार्यरत रहे।

सत्यम के त्रिपाठी का कौनसा है हिट शो

साल 2014 में आए टीवी शो ‘एक मुट्ठी आसमान’ से उन्हें खास पहचान मिली। इस शो को इसकी भावनात्मक गहराई और दमदार किरदारों के लिए काफी सराहा गया था। इसके अलावा उन्होंने ‘परवरिश: कुछ खट्टी कुछ मीठी’, ‘हिटलर दीदी’, ‘शौर्य और अनोखी की कहानी’ और ‘दिल ढूंढता है’ जैसे लोकप्रिय शोज़ में भी अहम योगदान दिया।

राजशेखरिस ने सोशल मीडिया पर लिखा

सत्यम त्रिपाठी के निधन पर लेखक राजशेखरिस समेत कई नामचीन हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी। राजशेखरिस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सत्यम हिंदी टीवी लेखन की सबसे सम्मानित हस्तियों में से एक थे और एक बेहद दयालु इंसान भी।टेलीविजन के साथ-साथ सत्यम ने फिल्मों में भी काम किया। उन्होंने फैंटेसी स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘चेन कुली की मेन कुली’ को प्रोड्यूस किया था। सत्यम के त्रिपाठी का यूं अचानक जाना टीवी लेखन की दुनिया में एक खालीपन छोड़ गया है, जिसे भर पाना मुश्किल होगा।

Share This Article