जानिए विवादों से घिरी फिल्म ‘The Kerala Story 2’ ने छठे दिन कितने कमाई?

4 Min Read

The Kerala Story 2

नई दिल्ली, एजेसियां। विवादों और कानूनी अड़चनों के बीच रिलीज हुई फिल्म द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन फिलहाल औसत नजर आ रहा है। फिल्म ने रिलीज के छह दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगभग 20 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन कर लिया है, लेकिन यह आंकड़ा इसके पहले पार्ट की तुलना में काफी कम माना जा रहा है।

रिलीज से पहले ही विवादों में रही फिल्म

फिल्म अपने विषय और कथानक को लेकर पहले ही विवादों में घिर गई थी। कई जगहों पर इसे लेकर विरोध भी देखने को मिला। रिलीज से ठीक पहले अदालत के आदेश के कारण फिल्म की रिलीज पर अस्थायी रोक भी लग गई थी, जिसके कारण सिनेमाघरों और दर्शकों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई थी। हालांकि बाद में अदालत से अनुमति मिलने के बाद फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया। लेकिन शुरुआती विवाद और अनिश्चितता का असर फिल्म की ओपनिंग पर साफ तौर पर देखने को मिला।

पहले दिन रही धीमी शुरुआत

फिल्म ने शुक्रवार को रिलीज के दिन करीब 75 लाख रुपये की कमाई के साथ धीमी शुरुआत की। हालांकि अगले दो दिनों में कलेक्शन में बढ़ोतरी देखने को मिली। ट्रेड पोर्टल सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक दूसरे दिन फिल्म ने लगभग 4.65 करोड़ रुपये और तीसरे दिन करीब 4.75 करोड़ रुपये की कमाई की।इसके बाद सोमवार को फिल्म की कमाई में गिरावट आई और उस दिन लगभग 2.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। मंगलवार को होली की छुट्टी के कारण फिल्म की कमाई में फिर उछाल देखने को मिला और करीब 4 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया गया।

छठे दिन मामूली गिरावट

बुधवार यानी रिलीज के छठे दिन फिल्म की कमाई में हल्की गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती अनुमानों के अनुसार उस दिन फिल्म ने करीब 3.5 करोड़ रुपये की कमाई की। इस तरह छह दिनों में फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन लगभग 20.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।वहीं घरेलू ग्रॉस कलेक्शन करीब 23.9 करोड़ रुपये के आसपास बताया जा रहा है।

पहले पार्ट के मुकाबले काफी पीछे

हालांकि फिल्म का कलेक्शन स्थिर बना हुआ है, लेकिन यह 2023 में रिलीज हुई पहली फिल्म द केरल स्टोरी के मुकाबले काफी कम है। पहले पार्ट ने रिलीज के पहले छह दिनों में ही करीब 68.64 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी।पहली फिल्म ने अपने पूरे थिएटर रन में भारत में 241.74 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जबकि वैश्विक स्तर पर इसका कुल कलेक्शन लगभग 302 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था।

कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड की कहानी अलग-अलग राज्यों की तीन महिलाओं के जीवन पर आधारित है, जिनके जीवन में शादी और धर्म परिवर्तन से जुड़ी परिस्थितियां बड़ा मोड़ लाती हैं। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसी पकड़ बना पाती है।

Share This Article