75 के हुए थलाइवा रजनीकांत

2 Min Read

Rajinikanth Birthday

चेन्नई, एजेंसियां। भारतीय सिनेमा के महानायक और तमिलनाडु के सुपरस्टार रजनीकांत ने शुक्रवार को अपना 75वां जन्मदिन मनाया। ‘थलाइवा’ के नाम से मशहूर रजनीकांत के जन्मदिन पर उनके प्रशंसकों और सेलेब्रिटीज ने सोशल मीडिया और जमीन दोनों जगह जश्न का माहौल बना दिया। चेन्नई में तो उनके घर के बाहर सुबह से ही भारी संख्या में फैंस उमड़ पड़े। बैनर, पोस्टर और कटआउट लेकर फैंस बस अपने प्रिय स्टार की एक झलक पाने के इंतजार में खड़े रहे।

थिएटर में धूम

चेन्नई के रोहिणी थिएटर में रजनीकांत की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पडयप्पा’ के री-रिलीज शो के दौरान माहौल किसी त्योहार से कम नहीं था। थिएटर के बाहर फैंस ने डांस किया, पटाखे फोड़े और अपने आदर्श सितारे के लिए नारे लगाए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

घर के बाहर जुटी भीड़

चेन्नई में फैंस के बीच रजनीकांत को भगवान की तरह पूजा जाता है। यही कारण है कि उनके जन्मदिन पर घर के बाहर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई फैंस हाथों में पोस्टर, फूल और केक लेकर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी।

‘रजनी मंदिर’ में विशेष पूजा

मदुरै में रजनीकांत के एक कट्टर प्रशंसक कार्तिक ने अपने घर में ‘रजनी मंदिर’ बनाया है, जिसमें अभिनेता की 300 किलो की प्रतिमा स्थापित है। जन्मदिन के मौके पर उन्होंने विशेष पूजा, रुद्रा अभिषेक और प्रार्थना की। केक काटकर उन्होंने रजनीकांत की लंबी उम्र की कामना की। यह अनोखा वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है।

सितारों ने दी शुभकामनाएं

रजनीकांत के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कमल हासन, चिरंजीवी समेत कई सेलेब्रिटीज ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। 1950 में जन्मे रजनीकांत ने बस कंडक्टर से सुपरस्टार बनने तक का सफर तय किया और आज करोड़ों लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं।

Share This Article