Dostana 2
मुंबई, एजेंसियां। मशहूर निर्माता-निर्देशक करण जौहर की आगामी फिल्म ‘दोस्ताना 2’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के लीड पुरुष किरदारों के लिए विक्रांत मैसी और लक्ष्य को फाइनल कर लिया गया है, वहीं अब फीमेल लीड के रूप में पूर्व मिस इंडिया वर्ल्ड सिनी शेट्टी को चुना गया है। यह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनने जा रही है और फैंस को इसके रिलीज का लंबे समय से इंतजार है।
सिनी शेट्टी को मिला लीड रोल
रिपोर्ट्स के अनुसार, सिनी शेट्टी को लक्ष्य और विक्रांत मैसी के साथ फिल्म में रोमांटिक कॉमेडी का लीड रोल मिला है। सिनी ने 2022 में मिस इंडिया वर्ल्ड का ताज जीता था। वे मुंबई की रहने वाली हैं और उनका संबंध कर्नाटक से है। सिनी ने अकाउंटिंग और फाइनेंस में ग्रेजुएशन किया है और साथ ही भरतनाट्यम में भी ट्रेनिंग ली है। एक्टिंग उनका लंबे समय का सपना रहा है और अब वे बड़े बैनर के साथ बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं।मजेदार बात यह है कि पहले ‘दोस्ताना’ में भी लीड महिला भूमिका प्रियंका चोपड़ा मिस इंडिया वर्ल्ड विजेता थीं। अब इसके सीक्वल में भी ब्यूटी क्वीन को प्रमुख भूमिका दी गई है।
फिल्म की शूटिंग और बदलाव
साल 2019 में कार्तिक आर्यन, लक्ष्य और जाह्नवी कपूर के साथ ‘दोस्ताना 2’ की शूटिंग शुरू हुई थी। 20 दिन की शूटिंग के बाद इसे रोक दिया गया था। अब फिल्म में लक्ष्य लीड में बने रहेंगे, जबकि विक्रांत मैसी कार्तिक की जगह लेंगे और सिनी शेट्टी जाह्नवी की जगह आएंगी। मेकर्स ने फिल्म की शूटिंग इस साल के तीसरे क्वार्टर में शुरू करने की योजना बनाई है।सिनी शेट्टी ने इसके अलावा एक छोटी बजट की थ्रिलर फिल्म भी साइन की है, लेकिन इसकी डिटेल्स अभी सामने नहीं आई हैं।
‘दोस्ताना’ का सीक्वल
‘दोस्ताना 2’ साल 2008 में आई फिल्म ‘दोस्ताना’ का सीक्वल है। पहली फिल्म का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया था और करण जौहर ने धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले इसका निर्माण किया था। मूल फिल्म में अभिषेक बच्चन, जॉन अब्राहम और प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिकाओं में थे। अब इसका नया वर्ज़न नए किरदारों और नए ट्विस्ट के साथ बड़े पर्दे पर आने वाला है।








