Shahrukh Khan
मुंबई, एजेंसियां। शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म पठान के सीक्वल की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है। दुबई में हुए एक रियल एस्टेट इवेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शाहरुख की मौजूदगी में ‘पठान 2’ का जिक्र किया गया। इस वीडियो ने फैंस की उम्मीदों को नई उड़ान दे दी है और सोशल मीडिया पर ‘पठान 2’ ट्रेंड करने लगा है।
शाहरुख के नाम पर बने टावर के उद्घाटन के दौरान हुआ जिक्र
दुबई में आयोजित एक इवेंट में शाहरुख खान अपने नाम पर बने एक टावर का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान मंच पर मौजूद रियल एस्टेट डेवलपर ने कहा- “कोई ब्लॉकबस्टर फिल्म होती है तो उसका सीक्वल आता है… जैसे पठान के बाद पठान 2 आ रही है।”
इतना सुनते ही कार्यक्रम में मौजूद लोग उत्साहित हो उठे। शाहरुख खान भी उसी मंच पर खड़े थे और उन्होंने इस टिप्पणी पर मुस्कुराते हुए रिएक्ट किया। यही मुस्कान फैंस को यह सोचने पर मजबूर कर रही है कि शायद ‘पठान 2’ की राह खुल चुकी है।
मेकर्स की ओर से अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं
हालांकि, वायरल वीडियो के बावजूद यशराज फिल्म्स, सिद्धार्थ आनंद या शाहरुख खान की ओर से पठान 2 को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए सिर्फ इस वीडियो के आधार पर यह कहना कि फिल्म बन रही है, अभी जल्दबाजी होगा। फिर भी, शाहरुख का इवेंट में मौजूद रहना और मुस्कुराना फैंस के लिए उम्मीद की वजह बन गया है।
स्पाई यूनिवर्स की बड़ी कड़ी है ‘पठान’
2023 में रिलीज हुई पठान यशराज के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है। फिल्म में शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम ने मुख्य भूमिकाएँ निभाई थीं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। स्पाई यूनिवर्स की अगली फिल्म अल्फा है, जबकि हाल ही में रिलीज हुई वॉर 2 उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी।
शाहरुख जल्द आएंगे ‘किंग’ में नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान अब सिद्धार्थ आनंद की फिल्म किंग में दिखाई देंगे। इसमें उनकी बेटी सुहाना खान भी बड़ी भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, जैकी श्रॉफ और अभिषेक बच्चन जैसे सितारे भी शामिल हैं।








