Salman Khan friend threatened: रोहित शेट्टी-रणवीर सिंह के बाद अब सलमान खान के करीबी को धमकी, करोड़ों की डिमांड से इंडस्ट्री में हड़कंप

2 Min Read

Salman Khan friend threatened

मुंबई, एजेंसियां। मुंबई में बॉलीवुड सितारों को धमकियां मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग और रणवीर सिंह को धमकी भरे वॉइस नोट के बाद अब सलमान खान के एक करीबी को ईमेल के जरिए धमकी मिलने की खबर सामने आई है। इस घटना से फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है।

ईमेल के जरिए करोड़ों की मांग

सूत्रों के मुताबिक, सलमान खान के बेहद करीबी और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े एक शख्स को धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। ईमेल में करोड़ों रुपये की मांग की गई है। भेजने वाले ने खुद को कथित तौर पर बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया है। हालांकि, इस मामले में अब तक सलमान खान या उनके करीबी की ओर से आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने एहतियातन सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान बिश्नोई गैंग से जुड़े कुछ संदिग्धों की मोबाइल लोकेशन कई बॉलीवुड हस्तियों के घरों के आसपास पाई गई है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और कड़ी कर दी है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

गौरतलब है कि हाल ही में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी। वहीं, अभिनेता रणवीर सिंह को व्हॉट्सएप पर वॉइस नोट भेजकर कथित तौर पर करोड़ों रुपये की मांग की गई थी। इन मामलों में भी बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया है। सलमान खान को भी पहले कई बार धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते उनकी सुरक्षा पहले से ही कड़ी है। ताजा घटनाक्रम के बाद इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल, क्राइम ब्रांच मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

Share This Article
Exit mobile version