Salman Khan
मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान 27 दिसंबर 2025 को अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। चार दशकों से ज्यादा के करियर में सलमान ने रोमांटिक हीरो, इमोशनल किरदार और जबरदस्त एक्शन स्टार के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। 1988 में फिल्म बीवी हो तो ऐसी से शुरुआत करने वाले सलमान को 1989 में मैंने प्यार किया से बड़ी पहचान मिली और यहीं से उनका स्टारडम शुरू हुआ।
सलमान की फेमस फिल्में
मैंने प्यार किया में ‘प्रेम’ के किरदार ने उन्हें घर-घर मशहूर कर दिया। इसके बाद हम आपके हैं कौन..!, करण अर्जुन और हम दिल दे चुके सनम जैसी फिल्मों ने उनके रोमांटिक और इमोशनल पक्ष को मजबूती दी। तेरे नाम में उनका दर्दभरा अभिनय आज भी दर्शकों को याद है।
2009 में वॉन्टेड से सलमान के करियर को नई दिशा मिली और वे मास एक्शन हीरो बनकर उभरे। इसके बाद दबंग फ्रेंचाइजी में चुलबुल पांडे और टाइगर फ्रेंचाइजी में देसी सुपरस्पाई के किरदार ने उन्हें आइकॉनिक बना दिया। वहीं बजरंगी भाईजान में उनका संवेदनशील अंदाज और सुल्तान में संघर्षशील पहलवान की भूमिका ने साबित किया कि वे सिर्फ एक्शन ही नहीं, भावनात्मक किरदारों में भी बेजोड़ हैं।
सलमान खान की ये 10 फिल्में उनके शानदार और विविध करियर का प्रतीक हैं, जिन्हें उनके 60वें जन्मदिन पर एक बार फिर देखना फैंस के लिए खास अनुभव होगा।






