भंसाली की मेगा फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में रीशूट, रिलीज डेट पर भी सस्पेंस

4 Min Read

Love and War

मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड निर्देशक संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। इस फिल्म में रणबीर कपूर ,आलिया भट्ट और विक्की कौशल पहली बार एक साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। इसी बीच फिल्म से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसके मुताबिक फिल्म के कुछ अहम सीन दोबारा शूट किए जा रहे हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी थी और इसे पहले इसी साल अगस्त में रिलीज करने की योजना बनाई जा रही थी। हालांकि अब निर्देशक संजय लीला भंसाली कुछ सीन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं, इसलिए उन्होंने उन हिस्सों को दोबारा फिल्माने का फैसला किया है। भंसाली अपने भव्य सेट और परफेक्शन के लिए जाने जाते हैं, इसलिए वे फिल्म के हर दृश्य को बेहतरीन बनाने के लिए अतिरिक्त मेहनत कर रहे हैं।

रीशूट से बढ़ा फिल्म का बजट

बताया जा रहा है कि फिल्म के कुछ महत्वपूर्ण दृश्यों को फिर से शूट करने की वजह से इसका बजट भी बढ़ गया है। पहले ही इस फिल्म को भंसाली के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा था और अब रीशूट के कारण इसकी लागत और बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं।फिल्म के निर्माताओं का मानना है कि कहानी और विजुअल्स को भव्य बनाने के लिए यह कदम जरूरी है। बड़े पैमाने पर तैयार किए गए सेट, कॉस्ट्यूम और तकनीकी काम की वजह से भी फिल्म की लागत लगातार बढ़ती जा रही है।

भव्य एक्शन और वीएफएक्स पर हो रहा काम

रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि फिल्म में कुछ बड़े एरियल एक्शन सीक्वेंस दिखाए जाएंगे। इन सीक्वेंस को प्रभावशाली बनाने के लिए भारी मात्रा में वीएफएक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। यही वजह है कि इन जटिल दृश्यों को तैयार करने में अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है।तकनीकी टीम इन दृश्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता देने की कोशिश कर रही है, ताकि फिल्म का विजुअल अनुभव दर्शकों के लिए यादगार बन सके।

रिलीज डेट पर बना सस्पेंस

फिल्म की रिलीज डेट को लेकर भी अब असमंजस की स्थिति बन गई है। पहले इसे अगस्त में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन रीशूट और वीएफएक्स कार्य के चलते इसमें देरी की संभावना जताई जा रही है।हाल ही में एक इंस्टाग्राम लाइव सेशन के दौरान रणबीर कपूर ने भी संकेत दिया था कि ‘लव एंड वॉर’ की रिलीज आगे बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि यह फिल्म रामायण पार्ट -1 के बाद सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है, जिसकी रिलीज अक्टूबर में प्रस्तावित है।

फिलहाल दर्शकों को इस भव्य फिल्म की नई रिलीज डेट का इंतजार है, लेकिन इतना तय है कि ‘लव एंड वॉर’ बॉलीवुड की सबसे बड़ी और चर्चित फिल्मों में से एक बनने जा रही है।

Share This Article