Kritika Kamra: 37 की उम्र में दुल्हन बनेंगी कृतिका कामरा, जानें कौन हैं होने वाले पति गौरव कपूर?

2 Min Read

Kritika Kamra

नई दिल्ली, एजेंसियां। टीवी और वेब सीरीज की मशहूर अभिनेत्री कृतिका कामरा जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। 37 वर्षीय कृतिका अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड गौरव कपूर से शादी करेंगी। दोनों काफी समय से रिलेशनशिप में हैं और अब अपने रिश्ते को ऑफिशियल करने का फैसला कर लिया है।

कौन हैं गौरव कपूर?

गौरव कपूर एक जाने-माने क्रिकेट प्रेजेंटर, एंकर और अभिनेता हैं। स्पोर्ट्स लवर्स के बीच उन्हें आईपीएल के लोकप्रिय शो ‘एक्स्ट्रा इनिंग्स T20’ के लिए खास पहचान मिली। इसके अलावा वह यूट्यूब पर चर्चित चैट शो ‘ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस’ के होस्ट भी हैं, जिसमें रोहित शर्मा, विराट कोहली, स्मृति मंधाना समेत कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल हो चुके हैं।

करियर की शुरुआत

गौरव कपूर ने महज 17 साल की उम्र में रेडियो जॉकी के तौर पर करियर शुरू किया था। बाद में वह चैनल V के मशहूर VJ बने। 2003 में उन्होंने राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘डरना मना है’ से बॉलीवुड में एक्टिंग डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने Ssssshhhh, अगली और पगली, ए वेडनसडे जैसी फिल्मों में काम किया।

शिक्षा और निजी जीवन

गौरव कपूर दिल्ली के रहने वाले हैं। उन्होंने माउंट सेंट मैरी स्कूल से पढ़ाई की और श्री वेंकटेश्वर कॉलेज, दिल्ली से ग्रेजुएशन किया। उनकी पहली शादी अभिनेत्री किरत भट्टल से हुई थी, लेकिन 2021 में दोनों का तलाक हो गया।

शादी का वेन्यू और तारीख

रिपोर्ट्स के मुताबिक कृतिका कामरा और गौरव कपूर की शादी मुंबई में होगी। कपल मार्च 2026 के आखिर या अप्रैल 2026 के पहले हफ्ते में शादी करने की योजना बना रहा है। फिलहाल गेस्ट लिस्ट और सेरेमनी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

गौरव कपूर की कमाई

गौरव कपूर स्पोर्ट्स एंकरिंग, इवेंट होस्टिंग और प्रोडक्शन के जरिए कमाई करते हैं। उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 56 करोड़ रुपये बताई जाती है। कृतिका और गौरव की शादी की खबर सामने आते ही फैंस उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर बधाइयां दे रहे हैं।

Share This Article
Exit mobile version