Govinda admitted:
मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और डांसिंग स्टार गोविंदा को मंगलवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के जुहू स्थित क्रिटिकेयर एशिया मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभिनेता के करीबी सूत्रों के अनुसार, उन्हें बेहोशी और चक्कर आने की शिकायत हुई थी। पहले डॉक्टर से फोन पर परामर्श के बाद उन्हें दवा दी गई, लेकिन हालत में सुधार न होने पर रात करीब 1 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गोविंदा की स्थिति स्थिर:
गोविंदा के दोस्त और कानूनी सलाहकार ललित बिंदल ने उनकी अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की है। वहीं, उनके मैनेजर शशि सिन्हा ने बताया कि अभिनेता को तेज सिरदर्द, सिर में भारीपन और चक्कर की शिकायत थी। डॉक्टरों की सलाह पर न्यूरोलॉजिस्ट की जांच जारी है और रिपोर्ट आने का इंतज़ार किया जा रहा है। फिलहाल गोविंदा डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं और अस्पताल प्रशासन ने बताया है कि उनकी हेल्थ रिपोर्ट दोपहर 12 बजे जारी की जाएगी।
फिलहाल खबर है कि गोविंदा सो रहे हैं और स्थिति स्थिर बताई जा रही है। परिवार और करीबी लोग अस्पताल में मौजूद हैं।
गोविंदा, जिनका पूरा नाम गोविंदा अरुण अहूजा है, का जन्म 21 दिसंबर 1963 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने 1986 में फिल्म ‘इलजाम’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया और 90 के दशक में डेविड धवन के साथ कॉमेडी फिल्मों के जरिए अपार लोकप्रियता हासिल की। ‘कुली नंबर 1’, ‘हसीना मान जाएगी’, ‘दूल्हे राजा’, ‘जुड़वां’, ‘आंटी नंबर 1’ जैसी फिल्मों ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया। उन्होंने अब तक 120 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है और अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित, ऐश्वर्या राय जैसे सितारों के साथ स्क्रीन साझा की है। राजनीति में भी सक्रिय रहे गोविंदा 2004 में सांसद बने थे। 2015 में वे ‘डांस इंडिया डांस’ के जज के रूप में भी नजर आए थे। परिवार में उनकी पत्नी सुनीता अहूजा, बेटी टीना अहूजा, और बेटा यशवर्धन अहूजा हैं। फिलहाल पूरे देशभर में उनके प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
