Dharmendra 90th birthday: धर्मेंद्र के 90वें जन्मदिन पर भावुक हुई ईशा देओल

2 Min Read

Dharmendra 90th birthday:

मुंबई, एजेंसियां। हिंदी फिल्मों के ही-मैन धर्मेंद्र का आज 8 दिसंबर को 90वां जन्मदिन है। इस मौके पर उनकी बेटी ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। ईशा ने लिखा कि उन्हें अपने पापा के साथ बिताए वो पल बहुत याद आते हैं, जब वे साथ में हंसते थे और लंबे समय तक बातें करते थे। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने पापा का प्यार उनके सभी फैंस तक पहुंचाती रहेंगी।

पिता के साथ तस्वीरें शेयर कीः

ईशा देओल ने इंस्टाग्राम पर पिता धर्मेंद्र के साथ कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, मेरे प्यारे पापा। हमारा वादा हमारा सबसे मजबूत रिश्ता। हम दोनों हर जन्म में, हर दुनिया में और उससे भी आगे तक हमेशा साथ हैं, पापा। चाहे स्वर्ग हो या धरती, हम एक हैं।

हमारा प्यार अतुलनीयः

ईशा ने लिखा-आपके साथ बिताई वो जादुई और अनमोल यादें। जीवन की सीखें, आपकी दी हुई शिक्षा, आपका मार्गदर्शन, आपका स्नेह, आपका बिना शर्त का प्यार, आपकी मर्यादा और आपकी मजबूती यह सब कुछ जो आपने मुझे अपनी बेटी होने के नाते दिया है, उसे कोई भी कभी नहीं बदल सकता और न ही कोई उससे तुलना कर सकता है।

पापा की झप्पियां याद आती हैः

ईशा कहती हैं-मुझे आपकी बहुत याद आती है पापा। आपकी वो गर्म, सुरक्षित झप्पियां जो सबसे आरामदायक कंबल जैसी लगती थीं। आपके वो नर्म लेकिन मजबूत हाथ, जिनकी पकड़ में छिपा हुआ प्यार और कई अनकहे संदेश होते थे। आपकी आवाज में मेरा नाम पुकारना और फिर हमारी लंबी बातें, हंसी और शायरियां सब बहुत याद आते हैं।

Share This Article