Deepak Tijori: दीपक तिजोरी के साथ 2.5 लाख की धोखाधड़ी, फिल्म फंडिंग के नाम पर FIR दर्ज

2 Min Read

Deepak Tijori

मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड अभिनेता, निर्देशक और फिल्म निर्माता दीपक तिजोरी के साथ ठगी का मामला सामने आया है। उन्होंने मुंबई के बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। तिजोरी का आरोप है कि तीन लोगों ने उन्हें T-Series और जी नेटवर्क से जुड़ा होने का झूठा दावा कर फिल्म फंडिंग दिलाने का झांसा दिया और इस बहाने 2.5 लाख रुपये की ठगी कर ली।दीपक तिजोरी (63) गोरेगांव पश्चिम स्थित गार्डन एस्टेट के निवासी हैं और 1990 से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हैं। उन्होंने अपनी आगामी हिंदी फिल्म ‘टॉम डिक एंड मैरी’ का स्क्रीनप्ले दिसंबर 2024 में पूरा किया था। इस फिल्म के निर्माण के लिए लगभग 25 करोड़ रुपये की निवेश राशि की जरूरत थी।

शिकायत में क्या बताया गया?

शिकायत में बताया गया है कि फरवरी 2025 के पहले सप्ताह में कविता शिबाग कपूर नाम की एक महिला दीपक तिजोरी के घर आई और खुद को टी-सीरीज से जुड़ा बताया। उसने जी नेटवर्क और मीडिया इंडस्ट्री में अपने मजबूत संपर्क होने का भी दावा किया। कविता ने तिजोरी की मुलाकात अपनी सहयोगी फौजिया आरसी से कराई और कहा कि वह जी नेटवर्क से फिल्म के लिए लेटर ऑफ इंटरेस्ट (LOI) दिला सकती है। इसके लिए उन्होंने पहली किस्त के रूप में 2.5 लाख रुपये की मांग की।

क्या है मामला?

तिजोरी ने 21 फरवरी 2025 को समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए और अगले दिन फौजिया आरसी के बैंक खाते में 2.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए। हालांकि, LOI कभी नहीं मिला और पैसे भी वापस नहीं किए गए। बाद में पता चला कि जोशी नाम का व्यक्ति, जिसे जी नेटवर्क का प्रतिनिधि बताया गया था, वास्तव में वहां कार्यरत ही नहीं था।बांगुर नगर पुलिस ने 13 जनवरी 2026 को कविता शिबाग कपूर, फौजिया आरसी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने की कोशिश कर रही है।

Share This Article