JEE Main 2026: NTA ने परीक्षा की तारीख बदली, जाने क्या है कारण?

2 Min Read

JEE Main 2026

नई दिल्ली, एजेंसियां। पश्चिम बंगाल के लाखों छात्रों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है। 23 जनवरी 2026 को सरस्वती पूजा के कारण अब उस दिन जेईई मेन 2026 (सेशन-1) की परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। NTA ने स्पष्ट किया है कि पश्चिम बंगाल के किसी भी छात्र को पूजा के दिन परीक्षा देने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।

छात्रों और अभिभावकों की चिंता हुई दूर

23 जनवरी को परीक्षा तय होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में काफी नाराजगी और तनाव था। सरस्वती पूजा बंगाल में सिर्फ त्योहार नहीं, बल्कि छात्रों के लिए आस्था और भावनाओं से जुड़ा दिन माना जाता है। इसी दिन विद्या की देवी की पूजा कर छात्र अपने शैक्षणिक भविष्य के लिए आशीर्वाद लेते हैं। परीक्षा और पूजा एक ही दिन पड़ने से छात्रों को कठिन स्थिति का सामना करना पड़ सकता था।

NTA ने भावनाओं का रखा सम्मान

छात्र संगठनों और अभिभावकों की मांगों को देखते हुए NTA ने यह फैसला लिया। एजेंसी ने कहा कि वह छात्रों की धार्मिक भावनाओं और व्यावहारिक समस्याओं का पूरा सम्मान करती है। इसी कारण 23 जनवरी को जिन उम्मीदवारों की परीक्षा निर्धारित थी, उन्हें परीक्षा के लिए वैकल्पिक तारीख दी जाएगी।

केवल तारीख बदलेगी, नियम वही रहेंगे

NTA ने साफ किया है कि परीक्षा का पैटर्न, कठिनाई स्तर और नियमों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। केवल परीक्षा की तारीख बदली जाएगी, ताकि किसी भी छात्र को नुकसान न हो और सभी को समान अवसर मिल सके।

नई तारीख की जानकारी जल्द

नई परीक्षा तिथि की सूचना उम्मीदवारों को जल्द ही NTA की आधिकारिक वेबसाइट और उनके रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर दी जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक नोटिस चेक करते रहें।यह फैसला पश्चिम बंगाल के छात्रों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, जिससे वे बिना किसी तनाव के पूजा और परीक्षा दोनों की तैयारी कर सकेंगे।

Share This Article