NEET UG 2026 रजिस्ट्रेशन की डेडलाइन नजदीक, जान लें परीक्षा देने की जरूरी नियम

4 Min Read

NEET UG 2026

नई दिल्ली, एजेंसियां। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 के लिए आवेदन करने वाले छात्रों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। National Testing Agency (NTA) जल्द ही रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया बंद करने जा रहा है। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें जल्द से जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भरने की सलाह दी गई है। तय समय सीमा के बाद कोई भी नया आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे में मेडिकल की पढ़ाई का सपना देखने वाले छात्रों के लिए यह अंतिम मौका माना जा रहा है।

आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक

एनटीए ने इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 फरवरी 2026 से शुरू की थी। उम्मीदवार 8 मार्च 2026 रात 11:50 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तारीख के करीब वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक होने की संभावना रहती है, इसलिए छात्रों को आखिरी समय का इंतजार करने के बजाय जल्द आवेदन करने की सलाह दी गई है। समय पर आवेदन नहीं करने वाले छात्र इस साल परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे।

आवेदन करते समय रखें इन नियमों का ध्यान

एनटीए के अनुसार हर उम्मीदवार केवल एक ही आवेदन फॉर्म भर सकता है। यदि कोई छात्र अलग-अलग ईमेल आईडी या मोबाइल नंबर से कई आवेदन करता है तो उसके सभी फॉर्म रद्द किए जा सकते हैं। इसलिए रजिस्ट्रेशन करते समय वही ईमेल और मोबाइल नंबर दर्ज करें जो सक्रिय हों, क्योंकि एडमिट कार्ड, ओटीपी और अन्य जरूरी जानकारी इन्हीं माध्यमों से भेजी जाती है।

फॉर्म भरते समय उम्मीदवार को लाइव फोटो अपलोड करनी होगी। यह फोटो आधार कार्ड की फोटो से मिलाई जाएगी। अगर दोनों में अंतर पाया गया तो उम्मीदवार को अतिरिक्त दस्तावेज देना पड़ सकता है। रजिस्ट्रेशन के दौरान आधार से ऑटो वेरिफिकेशन भी किया जाएगा, इसलिए नाम, जन्मतिथि और जेंडर जैसी जानकारी बिल्कुल सही दर्ज करना जरूरी है।

परीक्षा केंद्र के नियमों में बदलाव

इस बार परीक्षा शहर चुनने के नियम में बदलाव किया गया है। पहले छात्र चार शहरों का विकल्प चुन सकते थे, लेकिन अब यह सुविधा समाप्त कर दी गई है। अब परीक्षा केंद्र का शहर उम्मीदवार के स्थायी या वर्तमान पते के आधार पर तय किया जाएगा। एक बार शहर तय हो जाने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा।

कैटेगरी और सुधार का मौका

OBC-NCL कैटेगरी के तहत आवेदन करने वाले छात्रों को केंद्रीय सूची में अपना नाम जांचना जरूरी होगा। गलत श्रेणी चुनने पर आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा। एनटीए छात्रों को 10 से 12 मार्च 2026 के बीच आवेदन फॉर्म में सीमित सुधार करने का मौका देगा। हालांकि मोबाइल नंबर, ईमेल और आधार से जुड़ी जानकारी में बदलाव नहीं किया जा सकेगा।

कब होगी परीक्षा?

NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा एक ही शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी और कुल अवधि तीन घंटे की होगी। परीक्षा केंद्र की जानकारी एडमिट कार्ड में दी जाएगी, जिसे बाद में आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकेगा।

Share This Article