मुंबई, एजेंसियां। रिकॉर्ड 42वीं बार रणजी ट्रॉफी जीतने के बाद अब मुंबई की टीम पर पैसों की बरसात हो रही है।
बीसीसीआई की प्राइज मनी के अलावा अब मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने भी अपनी टीम को ईनाम देने की घोषणा की है।
विदर्भ को फाइनल में 169 रन से हराने के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने पांच करोड़ की प्राइज मनी का चेक प्राप्त किया।
इसके बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने भी पूरी टीम को पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इतना ही नहीं, इसके बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने चैंपियन टीम की प्राइज मनी दोगुनी करने की घोषणा की।
एमसीए मुंबई रणजी टीम को अपनी ओर से अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये देगा। मुंबई क्रिकेट के लिए यह साल शानदार रहा।
टीम ने सात टाइटल जीते। बीसीसीआई टूर्नामेंट के हर आयु वर्ग में मुंबई ने जोरदार खेल दिखाया।
टूर्नामेंट के इतिहास में 90 में से 48वीं बार मुंबई फाइनल में पहुंची थी। वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए फाइनल का नतीजा लगभग उसी समय तय हो गया था जब विदर्भ को 538 रन का लगभग नामुमकिन सा लक्ष्य मिला था।
विदर्भ के कप्तान अक्षय वाडकर (102) और हर्ष दुबे (65) ने हालांकि पूरे पहले सत्र में मुंबई के गेंदबाजों को परेशान किया।
खेल के आखिरी दिन विदर्भ ने पांच विकेट पर 248 रन से आगे खेलना शुरू किया था और उसे 290 रन और चाहिए थे।
विदर्भ की टीम 368 रन पर आउट हो गई। वाडकर ने इस साल पहला शतक जड़ने के साथ ही सत्र में 600 रन का आंकड़ा भी पार किया।
वहीं दुबे ने प्रथम श्रेणी करियर में दूसरा अर्धशतक जमाया। दोनों ने 194 मिनट और 255 गेंद तक चली साझेदारी निभाई।
दूसरे सत्र का खेल शुरू होने के कुछ देर बाद ही वाडकर को तनुष कोटियान ने आउट किया। कोटियान ने 95 रन देकर चार विकेट लिए।
यह साझेदारी टूटने के बाद विदर्भ की हार पर लगभग मुहर लग गई। अपने करियर का आखिरी मैच खेल रहे धवल कुलकर्णी ने उमेश यादव का विकेट लेकर मुंबई को जीत दिला दी।
इसे भी पढ़ें
डॉ प्रदीप वर्मा और डॉ सरफराज अहमद राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित