देवघर, एजेंसियां। देवघर जिले के मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में हनुमान मंदिर पर हुए हमले के बाद विवाद गहरा गया है। इस मामले को लेकर गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने मधुपुर के मदन कट्टा और बसकूपी इलाकों का दौरा किया और राज्य सरकार पर हिंदुओं की धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।
मंदिर पर हमले से नाराजगी
मधुपुर के बसकूपी इलाके में स्थित हनुमान मंदिर में हाल ही में असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की थी। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद दुबे ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है
और झारखंड में झामुमो और कांग्रेस गठबंधन हिंदू आस्थाओं को निशाना बना रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
सांसद दुबे ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह बहुमत का भय दिखाकर हिंदुओं को डराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “अगर इंडिया गठबंधन ने झारखंड में सरकार बनाई है, तो भाजपा ने भी केंद्र में बहुमत से सरकार बनाई है। लेकिन भाजपा ने कभी सत्ता का डर नहीं दिखाया।”
अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
मधुपुर दौरे के दौरान सांसद दुबे ने स्थानीय थाना प्रभारी से मुलाकात की और घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने सभी दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया और कहा कि भाजपा हिंदुओं की आस्था पर किसी भी प्रकार का आघात सहन नहीं करेगी। दुबे ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
इसे भी पढ़ें
देवघर एयरपोर्ट केस में सरकार ने निशिकांत व मनोज के खिलाफ FIR को किया रद्द