Lawrence Bishnoi gang: पंजाब के मशहूर सिंगर बी प्राक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी, एक हफ्ते में 10 करोड़ की रंगदारी की मांग

3 Min Read

Lawrence Bishnoi gang

चंडीगढ़, एजेंसियां। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मशहूर पंजाबी सिंगर बी प्राक से 10 करोड़ रुपये की जबरन उगाही की धमकी दी है। यह धमकी पंजाबी सिंगर दिलनूर के माध्यम से दी गई, जिसमें एक हफ्ते के भीतर रकम देने को कहा गया है। पैसे न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई है।

दिलनूर को भेजा गया धमकी भरा ऑडियो

जानकारी के अनुसार, सिंगर दिलनूर को विदेश के एक नंबर से कॉल और वॉयस मैसेज भेजा गया। कॉलर ने खुद को आरजू बिश्नोई बताते हुए कहा कि वह लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करता है और विदेश में छिपा हुआ है।

ऑडियो मैसेज में कहा गया

“बी प्राक को मैसेज दे देना 10 करोड़ रुपये चाहिए। तेरे पास एक हफ्ते का टाइम है। जिस मर्जी कंट्री में चला जा, आसपास का कोई भी मिल गया तो नुकसान कर देंगे। इसे फेक कॉल मत समझना। पैसे मिल गए तो ठीक, नहीं तो मिट्टी में मिला देंगे।”

मोहाली पुलिस में शिकायत

धमकी मिलने के बाद दिलनूर ने 6 जनवरी को ही एसएसपी मोहाली को लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां कॉल डिटेल्स, ऑडियो क्लिप और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।

पहले भी हस्तियों को मिल चुकी हैं धमकियां

बता दें यह पहला मामला नहीं है जब लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने किसी नामी कलाकार या कारोबारी को निशाना बनाया हो। इससे पहले भी कई सिंगर, अभिनेता और व्यापारी इस गैंग से जुड़ी धमकियों और उगाही के शिकार हो चुके हैं।

नए साल पर दिल्ली में फायरिंग की घटनाएं

गौरतलब है कि नए साल की शुरुआत में लॉरेंस गैंग ने दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक व्यापारी के घर के बाहर 25 राउंड फायरिंग की थी। इसके बाद पश्चिम विहार और पूर्वी दिल्ली में भी जिम और व्यापारियों को निशाना बनाया गया। गैंग का तरीका एक जैसा रहा—पहले फोन पर धमकी, फिर फायरिंग। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इन मामलों में शामिल कुछ बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

बी प्राक को मिली धमकी के बाद पंजाब और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। मामले को संगठित अपराध और अंतरराष्ट्रीय उगाही नेटवर्क से जोड़कर देखा जा रहा है।

Share This Article