Rape in Delhi
नई दिल्ली, एजेंसियां। कहते हैं कि मां-बाप धरती के भगवान होते हैं। वे अपने बच्चों के खुशी के लिए अपनी खुशी और अपनी जरूरतों का त्याग कर देते हैं, लेकिन क्या ऐसा आज भी होता है। अभी के समय की तसवीर तो कुछ और ही बयां करती है। एक बेहद ही घिनौना और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला देश की राजधानी दिल्ली से सामने आया है। यहां एक पिता पर अपनी ही 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ बार-बार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
15 दिन से घर से बाहर थी मां
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता आठवीं कक्षा की छात्रा है। उसकी मां करीब 15 दिन पहले बिहार स्थित अपने गांव गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी पिता ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता 1 फरवरी 2026 को अपने दोस्त के माता-पिता के साथ पहाड़गंज थाना पहुंची और पूरी घटना पुलिस को बताई।
रात में हुई घटना
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 31 जनवरी की रात करीब 1:30 बजे, जब वह अपने कमरे में अपनी छोटी बहन और पिता के साथ सो रही थी, तभी आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे गंभीर धमकियां दीं।
पहले भी कई बार हुई दरिंदगी
पीड़िता के अनुसार, बीते 10 से 15 दिनों के दौरान उसके साथ 4 से 5 बार इसी तरह की घटनाएं हुईं। डर और धमकियों के चलते वह लंबे समय तक चुप रही। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी उसके और उसकी मां के साथ मारपीट करता रहा है।
छोटी बहन की सुरक्षा के लिए जुटाया साहस
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे आशंका थी कि उसकी छोटी बहन भी असुरक्षित हो सकती है। इसी डर के चलते उसने साहस जुटाकर पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना का खुलासा किया।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पहाड़गंज थाना पुलिस ने FIR संख्या 108/2026 दर्ज की। केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया और धारा 183 BNS के तहत उसके बयान दर्ज किए गए, जिसमें उसने सभी आरोपों की पुष्टि की है।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
सबूतों की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और माना कि वह बेटी को किसी को न बताने के लिए धमका रहा था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर ही है।
