Gang-raped murdered in Coimbatore: कोयंबटूर में छात्रा से गैंगरेप, दोस्त की हत्या, एनकाउंटर के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार

3 Min Read

Gang-raped murdered in Coimbatore:

कोयंबटूर, एजेंसियां। तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रविवार रात एक कॉलेज छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसके दोस्त की हत्या कर दी गई। यह वारदात कोयंबटूर एयरपोर्ट के नजदीक हुई, जहां छात्रा अपने पुरुष मित्र के साथ घूमने गई थी। पुलिस ने सोमवार देर रात एनकाउंटर के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार:

पुलिस के अनुसार, पीड़ित लड़की कोयंबटूर के एक निजी कॉलेज में पढ़ती है। वह रविवार की रात अपने दोस्त के साथ कार में एयरपोर्ट के पास बैठी थी, तभी तीन आरोपी वहां पहुंचे। उन्होंने पहले युवक पर हमला किया, उसे बुरी तरह पीटा और गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद छात्रा का अपहरण कर दूसरी जगह ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान हमले में घायल युवक की मौत हो गई।

पुलिस कमिश्नर के अनुसार:

कोयंबटूर के पुलिस कमिश्नर सर्वानन सुंदर ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के तीन आरोपी — गुना, करुप्पासामी और कार्तिक उर्फ कालीश्वरम — पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए हैं। तीनों को शहर के बाहरी इलाके से पकड़ा गया, जब वे भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने उनके पैरों में गोली मारकर उन्हें काबू किया। इस मुठभेड़ में एक हेड कॉन्स्टेबल भी घायल हो गया। सभी आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

तमिलनाडु की राजनीति में उथल-पुथल:

इस भयावह घटना के बाद तमिलनाडु की राजनीति में उथल-पुथल मच गई है। विपक्षी दलों ने कानून व्यवस्था को लेकर सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर निशाना साधा है। एआईएडीएमके ने कोयंबटूर समेत राज्य के विभिन्न इलाकों में विरोध प्रदर्शन का एलान किया है। भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक है और डीएमके सरकार में महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पुलिसकर्मियों की भारी कमी है और अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।

टीवीके प्रमुख और अभिनेता विजय ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया और राज्य सरकार की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि अन्ना यूनिवर्सिटी में हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि एक और ऐसी दर्दनाक घटना सामने आ गई। विजय ने सवाल किया कि आखिर कानून व्यवस्था कहां है और महिलाओं की सुरक्षा के दावे सिर्फ कागजों पर ही क्यों रह गए हैं। कोयंबटूर की यह घटना तमिलनाडु में महिलाओं की सुरक्षा और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस ने कहा है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की जांच तेजी से की जा रही है।

इसे भी पढ़ें

Bihar Elections: मोकामा में सूरजभान सिंह की पत्नी राजद प्रत्याशी वीणा देवी पर जानलेवा हमला


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं