‘ChiChi Call’ viral scam: साइबर ठगी का नया तरीका बस एक लिंक क्लिक करते ही फोन हैक

2 Min Read

‘ChiChi Call’ viral scam:

नई दिल्ली, एजेंसियां। ऑनलाइन साइबर फ्रॉड का एक नया तरीका तेजी से फैल रहा है, जिसे “ChiChi Call” वायरल वीडियो स्कैम कहा जा रहा है। साइबर विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें, क्योंकि इससे व्यक्तिगत डेटा चोरी हो सकता है। यह ठगी मुख्य रूप से फिलीपींस की एक इंफ्लुएंसर से जुड़े फर्जी वीडियो दावे के नाम पर फैलाई जा रही है।

साइबर सुरक्षा विश्लेषकों के अनुसार

साइबर सुरक्षा विश्लेषकों के अनुसार, यह पूरा ट्रेंड एक सुनियोजित ऑनलाइन ठगी अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य यूजर्स की जानकारी चुराना है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे Facebook, Telegram, TikTok और Reddit पर फर्जी लिंक फैलाए जा रहे हैं।

कैसे काम करता है स्कैम?

विशेषज्ञों का कहना है कि फ्रॉडस्टर्स SEO पॉइजनिंग और फिशिंग तकनीक का इस्तेमाल करते हैं। जब यूजर किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करता है तो उसे नकली स्ट्रीमिंग या लॉगिन पेज पर भेजा जाता है, जहां आईपी एड्रेस और अन्य संवेदनशील जानकारी चोरी होने का खतरा रहता है। कई मामलों में यूजर्स को “एज वेरिफिकेशन” के नाम पर लॉगिन करने या ब्राउजर प्लगइन इंस्टॉल करने के लिए कहा जाता है, जो असल में मैलवेयर हो सकता है। ऐसा मैलवेयर कीबोर्ड एक्टिविटी रिकॉर्ड कर बैंकिंग जानकारी भी चुरा सकता है।

भारत में कानूनी खतरा

भारत में गैर-सहमति वाली अंतरंग सामग्री का प्रसार या डीपफेक बनाना कानूनन अपराध है। साइबर विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि किसी भी वायरल वीडियो लिंक को बिना पुष्टि किए शेयर न करें और संदिग्ध पोस्ट से दूर रहें।

सुरक्षा सलाह

  • अनजान लिंक पर क्लिक न करें
  • फर्जी वीडियो या MMS दावों पर भरोसा न करें
  • संदिग्ध पेज पर फेसबुक लॉगिन जानकारी न दें
  • किसी भी वीडियो को डाउनलोड या शेयर करने से बचें

साइबर सुरक्षा एजेंसियां इस तरह के स्कैम पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रही हैं।

Share This Article