रांची। राजधानी रांची में एक बार फिर हॉकी का क्रेज़ देखने को मिल रहा है। चारो तरफ हॉकी के ही पोस्टर दिख रहे हैं। रांची शहर हॉकी के रंग में पूरी तरह रंग चुका है। 13 से 19 जनवरी तक चलने वाले FIH ऑलिंपिक क्वालीफायर की मेजबानी रांची को मिली है।
इनमें मेजबान भारत के साथ इटली, चिली, जापान, चेक रिपब्लिक, जर्मनी, न्यूजीलैंड और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका की टीमें शामिल हैं। बता दें कि मोरहाबादी के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में FIH ऑलिंपिक क्वालीफायर का आयोजन किया जा रहा है। इनमें से टॉप तीन टीम पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए क्वालीफाई करेंगी।
एफआईएच ओलंपिक क्वालीफायर झारखंड के लोगों के लिए और भी खास होने वाला है। क्योंकि इस मुकाबले में झारखंड की चार बेहतरीन खिलाड़ी शामिल हैं। भारत की 18 सदस्यीय टीम में झारखंड की स्टार खिलाड़ी सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुग मौजूद रहेंगी।
निक्की प्रधान तो भारतीय टीम की उप कप्तान हैं। झारखंड की बेटियाँ स्टिक से नई कहानी लिखेंगी और राजधानी को हॉकी के रंगों में रंगेंगी। यह लगातार दूसरी बार होगा जब रांची के लोग स्टेडियम में झारखंड की बेटियों की स्टिक ती जादूगरी देखेंगे। रांची में हो रहे FIH ऑलिंपिक क्वालीफायर में, झारखंड की चार उच्चकोटी की खिलाडि़यों का इस महामुकाबले में महत्वपूर्ण योगदान होगा।
ब्यूटी डुंगडुग चोट के कारण पिछला हॉकी टूर्नामेंट नहीं खेल सकी थीं। लेकिन इस बार उनका जादू देखने को मिलने वाला है। झारखंडवासियों में ब्यूटी डुंगडुग की वापसी से बहुत उत्साह है। ब्यूटी डुंगडुंग झारखंड के सिमडेगा जिले की रहने वाली हैं।
उनके पिता एम्ब्रोस डुंगडुंग भी राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रहे हैं। रांची के हॉकी प्रेमियों के लिए यह टूर्नामेंट और भी खास होने वाला है, क्योंकि इस बार लोगों को ब्यूटी डुंगडुंग का जादू भी देखने को मिलेगा। बता दें कि सलीमा टेटे और संगीता कुमारी भी झारखंड के सिमडेगा जिले की रहने वाली हैं। वहीं निक्की प्रधान झारखंड के हेसल गांव की रहने वाली हैं।
हॉकी के इस महामुकाबले के लिए सभी 8 टीमों को दो अलग अलग पूल में बांटा गया है। पूल ए की बात करें तो उसमे जर्मनी, चिली, जापान और चेक रिपब्लिक हैं। वहीं दूसरी ओर पूल बी में भारत, यूएसए, इटली और न्यूजीलैंड में है। बताते चले कि भारत का पहला मुकाबला यूएसए के साथ 13 जनवरी को शाम 7:30 बजे से होगा।
इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, खेल मंत्री हफीजुल हसन स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। पिछली बार की तरह इस बार भी आम दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। तो ऐसे में भारत का मनोबल बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचेंगे। इस विशेष मौके पर झारखंड के खिलाड़ियों का समर्थन निश्चित है, जो इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित करने के लिए उत्सुक हैं।
इसे भी पढ़ें