रांची,एजेंसियां। भाकपा (भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी) ने झारखंड की आठ सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
पार्टी के नेताओं ने कहा है कि 16 मार्च के बाद प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जायेगी। रविवार राज्य कार्यकारिणी की बैठक कॉमरेड भुवनेश्वर प्रसाद मेहता की अध्यक्षता में हुई। इसमें ये निर्णय लिया गया।
इन सीटों में रांची, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, पलामू, गिरिडीह, दुमका एवं जमशेदपुर शामिल हैं। चुनाव संचालन के लिए उम्मीदवार चयन समिति, घोषणा पत्र समिति, सोशल मीडिया समिति का गठन किया गया है।
पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बेदखल करने के लिए कांग्रेस को महागठबंधन के तहत एकजुट होकर चुनाव लड़ना चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है, लेकिन कांग्रेस एवं महागठबंधन ने अभी तक सीटों पर कोई बातचीत नहीं की है।
इंडिया घटक दलों का इंतजार छोड़ कर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने उम्मीदवार खड़ा करने की घोषणा कर दी है।
नेताओं ने कहा कि देश में बेरोजगारी एवं महंगाई चरम पर है। भारतीय जनता पार्टी अपने 10 वर्षों की नाकामी छुपाने के लिए उम्मीदवार बदल रही है।
देश के कई नामचीन सांसदों का टिकट काट दिया गया। कांग्रेस पार्टी भी उम्मीदवार के चयन में देरी कर भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बनाने में लगी है।
इसलिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पूरे दमखम के साथ झारखंड की 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चुनाव संचालन के लिए विभिन्न समितियां बनाई गई हैं और आज कार्यकारिणी की नेताओं को जिम्मेवारी दी गयी है।
इसे भी पढ़ें
योगी सरकार के मंत्री ने साधा झारखंड सरकार पर निशाना, कहा-राज्य में कानून व्यवस्था चौपट