रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस रेस है। पार्टी नये प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में अब प्रत्याशी चयन को लेकर मंथन में जुटी है।
जानकारी के अनुसार झारखंड कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव को लेकर हर विधानसभा से पांच-पांच संभावित उम्मीदवारों के नाम तय कर लिये हैं।
पार्टी के जिला अध्यक्षों ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को बंद लिफाफे में पांच-पांच संभावित प्रत्याशियों के नामों की सूची दे दी है।
अब प्रदेश चुनाव समिति इन नामों पर विचार करेगी और उसके बाद तीन- तीन नामों की लिस्ट केंद्रीय चुनाव समिति को भेजी जाएगी। इसके बाद प्रत्याशियों के नाम अंतिम रूप से केंद्रीय चुनाव समिति तय करेगी।
रांची जिला और महानगर अध्यक्षों द्वारा जो सूची प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी गई है, उसमें पांच-पांच नाम दिये गये हैं।
इनमें से कई जाने-पहचाने नाम हैं, जो वर्षों से पार्टी के लिए समर्पित हैं। इनमें कुछ नामों की सूची आइडीटीवी के पास भी है।
आज हम आपको रांची जिले की पांच विधानसभा सीटों के संभावित प्रत्याशियों के बारे में बताने जा रहे हैं।
तो सबसे पहले बात रांची विधानसभा की। रांची विधानसभा सीट के लिए जो तीन प्रमुख नाम प्रस्तावित हैं, उनमें कुमार राजा, राजेश गुप्ता छोटू और आदित्य विक्रम जायसवाल शामिल हैं।
कुमार राजा अभी रांची महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। वह तेज तर्रार युवा नेता के रूप में जाने जाते हैं। छात्र राजनीति से ही वह कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। बतौर युवा नेता वह कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के पदों पर भी रह चुके हैं और दिल्ली में भी उनकी अच्छी खासी पकड़ है।
वहीं राजेश गुप्ता उर्फ छोटू की बात करें, तो वह भी छात्र राजनीति से कांग्रेस के साथ हैं। खेलकूद में रुचि रखने वाले राजेश गुप्ता रांची विश्वविद्यालय में खेलकूद प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में वह भी काफी सक्रिय रहते हैं।
वहीं आदित्य विक्रम जायसवाल झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल्स कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। कांग्रेस की राजनीति में वह सक्रिय तो रहते ही है, पर बतौर समाजसेवी भी वह जाने जाते हैं। अक्सर ही समाज सेवा को लेकर वह कार्यक्रम करते रहते हैं।
अब बात हटिया विधानसभा की। यहां के संभावित उम्मीदवारों में अजय नाथ शाहदेव, विनय सिन्हा दीपू, पेम प्रकाश नाथ शाहदेव और रवींद्र सिंह शामिल हैं।
अजय नाथ शाहदेव रांची के डिप्टी मेयर रह चुके हैं। इससे पहले भी वह हटिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोशिएशन से जुड़े अजय नाथ शाहदेव बाबूलाल मरांडी के साथ जेवीएम में भी रह चुके हैं।
वहीं, विनय सिन्हा दीपू भी कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता हैं। पुराने नेता हैं और साफ सुथरी छवि के कारण पार्टी के अंदर काफी लोकप्रिय भी हैं। रवींद्र सिंह भी पुराने कांग्रेसी हैं। वह पार्टी में कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
अब बात मांडर विधानसभा सीट की। यहां से फिलहाल कांग्रेस की ही शिल्पी नेहा तिर्की विधायक हैं। उनके अलावा यहां से सुनील उरांव, डा परमेश्वर भगत और रामेश्वर भगत के नाम भेजे गये हैं।
मौजूदा विधायक शिल्पी नेहा तिर्की पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की की पुत्री हैं। वह अपने क्षेत्र में काफी सक्रिय रहती हैं। विधानसभा में भी वह नियमित रूप से क्षेत्र की समस्याएं उठाती रहती हैं। वह इस सीट से सबसे प्रबल दावेदार हैं।
कांके विधानसभा सीट की बात करें, तो यहां से सुरेश बैठा, संजय लाल पासवान, केदार पासवान, शिवलाल नायक और चंदन पासवान संभावित उम्मीदवार हैं।
इनमें सुरेश बैठा पिछली बार भी चुनाव लड़ चुके हैं और उन्होंने बीजेपी विधायक समरीलाल को कड़ी टक्कर दी थी। क्षेत्र में भी उनकी अच्छी पकड़ है।
सिल्ली सीट की बात करें, तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी यहां से विधायक रह चुके हैं। पर वह इस चुनाव में बतौर प्रत्याशी नहीं दिखेंगे।
यहां से कांग्रेस के संभावित उम्मीदवारों में डॉ राकेश किरण महतो, नागेश्वर महतो, नागेंद्र नाथ गोस्वामी, निशिकांत और राजकुमार शामिल हैं।
डॉ राकेश किरण महतो फिलहाल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हैं। छात्र राजनीति के दौरान यह आजसू के साथ जुड़े रहे थे। परंतु इसके बाद वह कांग्रेस में आ गये और पार्टी के मजबूत नेताओं में एक हैं।
वहीं, तमाड़ सीट से फूलचंद मुंडा, ललित कृष्ण मुंडा और नोवा मुंडा संभावित उम्मीदवार हैं। फूलचंद मुंडा आदिवासी मुद्दों को लेकर हमेशा ही सक्रिय रहते हैं।
खिजरी विधानसभा की बात करें, तो यहां कांग्रेस के ही राजेश कच्छप मौजूदा विधायक हैं। उनके अलावा अमूल्य नीरज खलखो, बेलस कुजूर, सुंदरी तिर्की और सावना लकड़ा की पत्नी सीता लकड़ा यहां से संभावित उम्मीदवार हैं।
अमूल नीरज, बेलस, सुंदरी तिर्की और सावना लकड़ा सभी जाने पहचाने नाम हैं। सावना लकड़ा के जेल जाने के बाद से उनकी पत्नी ही उनकी राजनीतिक जिम्मेदारियां भी संभाल रही हैं।
तो ये हैं रांची जिला की सात विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी। अब कांग्रेस आलाकमान को इन नामों में से अंतिम चयन करना है। पर इतना तय माना जा रहा है कि जो सीटिंग कैंडिडेट हैं, उनमें पार्टी कोई फेरबदल नहीं करने जा रही है।
इसे भी पढ़ें