Stock market
मुंबई, एजेंसियां। भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को सपाट लेकिन सकारात्मक शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हरे निशान पर रहे। सुबह करीब 9:22 बजे सेंसेक्स 57 अंकों की बढ़त के साथ 85,582 के स्तर पर कारोबार करता दिखा, जबकि निफ्टी 30 अंक चढ़कर 26,205 पर पहुंच गया। बाजार में पीएसयू, मेटल, एनर्जी और मीडिया शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी रौनक बनी रही, जिससे व्यापक बाजार को समर्थन मिला।
सेंसेक्स के शेयरों में ट्रेंट, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई और टाटा स्टील में मजबूती दर्ज की गई, जबकि आईटी सेक्टर के दिग्गज शेयरों इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक पर दबाव रहा। सेक्टोरल आधार पर आईटी और एफएमसीजी में सुस्ती दिखी, वहीं पीएसयू बैंक, फार्मा और रियल्टी में तेजी रही।
कमोडिटी बाजार में भी उछाल
कमोडिटी बाजार में भी उछाल देखने को मिला। सोना और चांदी दोनों की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि कच्चे तेल के भाव भी मजबूत हुए। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि साल के अंत में बाजार कंसोलिडेशन के साथ ऊपर की ओर बढ़ रहा है और घरेलू निवेशकों की खरीदारी आगे भी सहारा दे सकती है।






