Buses Ranchi to Bihar:
रांची। दीपावली और छठ पूजा के मद्देनज़र रांची से बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या में जबरदस्त वृद्धि हुई है। रेलवे की ओर से अब तक 14 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा चुका है, लेकिन भीड़ इतनी अधिक है कि यात्रियों को टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ रही है और कुछ ट्रेनें पूरी तरह भर चुकी हैं। ऐसे में लोगों ने बसों का रुख किया है, जहाँ आधी सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं।
बसों की स्थिति
रांची से बिहार के प्रमुख शहरों के लिए बसों का किराया तय कर दिया गया है।
• पटना: ₹500–600
• गया: ₹300–400
• भागलपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बक्सर: ₹600–700
• पूर्णिया: ₹700–800
रांची से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए फिलहाल 35 बसें रोजाना चल रही हैं। बस चालक संघ के महासचिव राणा बजरंगी ने बताया कि छठ से दो दिन पहले तक 50% सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि किराया में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन कुछ ऑनलाइन एजेंट मनमाने पैसे वसूल रहे हैं।उन्होंने आगे कहा, “त्योहारों के दौरान बसों की किल्लत हो सकती है, इसलिए 10 नई बसें चलाने की संभावना है। इसके अलावा बिहार सरकार की ओर से 4 अतिरिक्त सरकारी बसें भी बस स्टैंड से चलाई जा सकती हैं।”
स्पेशल ट्रेनों में भारी वेटिंग
रेल यात्राओं में भी स्थिति लगभग यही है। रांची रेल मंडल ने त्योहारों को देखते हुए 14 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की है, फिर भी टिकट पाना आसान नहीं। कई ट्रेनों में केवल कुछ ही सीटें बची हैं।
स्पेशल ट्रेनों की स्थिति :
• 03253/07255–07256 पटना–चर्लपल्ली स्पेशल: 17 व 24 अक्टूबर को वेटिंग लिस्ट में।
• 08629/08630 रांची–गोरखपुर: 18, 22 और 25 अक्टूबर को वेटिंग।
• 09619/09620 अजमेर–रांची: 19 और 26 अक्टूबर को सीमित सीटें उपलब्ध।
• 08626/08625 रांची–पूर्णिया कोर्ट: सभी क्लास में सीटें उपलब्ध।
• 08105/08106 रांची–जयनगर: 22 अक्टूबर को एसी में केवल 3–4 सीटें शेष।
• 08640/08639 रांची–आरा: 19 और 26 अक्टूबर को एसी में 25 सीटें।
• 08795/08796 दुर्ग–पटना दिवाली स्पेशल: 21 अक्टूबर को थर्ड एसी में सिर्फ 2 सीटें।
यात्रियों की मांग
त्योहारों में रांची से बिहार के विभिन्न हिस्सों के अलावा मुंबई, पुणे और बेंगलुरु से भी झारखंड लौटने वालों की भारी भीड़ है। यात्रियों ने रेलवे से अतिरिक्त कोच और नई ट्रेनों की मांग की है।जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने रेलवे को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि महानगरों से रांची के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएं, ताकि प्रवासी यात्रियों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि देशभर में 12,000 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा के बावजूद रांची से केवल दिल्ली के लिए सीमित सेवा है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।
इसे भी पढ़ें