Kanwar Yatra:
लखनऊ, एजेंसियां। मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान सड़कों पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के कारण प्रशासन ने 24 जुलाई तक शहर और आसपास के कस्बों में चलने वाली सिटी ट्रांसपोर्ट की इलेक्ट्रिक और वॉल्वो बसों को बंद कर दिया है। सोमवार सुबह से ही ये बसें लोहियानगर बस अड्डे पर खड़ी हो गई, जिससे सैंकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बसों की संचालन बंद, ई-रिक्शा की बढ़ी मांग
महानगर बस सेवा के बेड़े में 51 इलेक्ट्रिक और 8 वोल्वो बसें हैं, जो लोहियानगर और सोहराबगेट डिपो से संचालित होती हैं। कांवड़ यात्रा के कारण शहर की सड़कों पर भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिससे ये बसें अब अपनी नियमित सेवा नहीं दे पा रही हैं। यात्रियों को अब ई-रिक्शा और थ्री-व्हीलर में अधिक किराया देकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
कांवड़ मार्ग पर सख्त यातायात व्यवस्थाएं
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर की अधिकांश सड़कों को वन-वे बना दिया है। इन सड़कों पर कांवड़ियों के लिए एक साइड आरक्षित की गई है, जबकि दूसरी साइड शहरवासियों के लिए खोली गई है, लेकिन वाहनों के लिए प्रतिबंधित कर दी गई है। कुछ वाहनों को पास जारी किए गए हैं, जिनमें स्पष्ट लिखा होता है कि वे कांवड़ मार्ग को छोड़कर अन्य मार्ग पर ही यात्रा करेंगे।
डीएम के आदेश पर बस सेवा बंद
जिलाधिकारी के निर्देश पर 50 इलेक्ट्रिक और 8 वोल्वो बसों को 24 जुलाई तक के लिए बंद कर दिया गया है। जिसके चलते यात्रियों को कहीं आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें
Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ और मुजफ्फरनगर में स्कूलें बंद