आधा दर्जन सीटों पर चेहरे बदलने की चर्चा
रांची। झारखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर BJP रेस हो गई है। राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार तय करने को लेकर BJP नेता दिल्ली पहुंच गये हैं।
गुरुवार को दिल्ली में प्रदेश के नेताओं की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक हुई। इस दौरान प्रदेश बीजेपी के नेताओं ने दिल्ली में प्रत्याशियों की सूची सौंपी है।
सभी 14 लोकसभा सीटों पर 3-3 संभावित प्रत्याशियों के नाम शॉर्टलिस्ट कर प्रदेश बीजेपी के नेताओं ने केंद्रीय नेताओं को सौंप दिया है।
चुनाव प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने प्रदेश के नेताओं के साथ एक-एक नाम पर मंथन किया। इस बीच दिल्ली से छन कर आ रही चर्चा के मुताबिक सिंहभूम सीट से गीता कोड़ा का नाम फाइनल माना जा रहा है।
इसके अलावा पलामू से घूरन राम का नाम भी सबसे आगे है। बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में भाजपा झारखंड की कुछ सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है।
दिल्ली में हुई बैठक में झारखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता विधायक दल अमर कुमार बाउरी, बिहार झारखंड के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र, झारखंड के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल थे।
इसके बाद राष्ट्रीय मुख्यालय में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ नेताओं ने बैठक की।
चर्चाओं के मुताबिक, राज्य में आधा दर्जन सांसदों का टिकट कट सकता है। राज्य में बीजेपी एक सीट अपने गठबंधन साथी आजसू को देगी, जबकि 13 सीटों पर खुद चुनाव लड़ेगी।
वर्तमान में 12 भाजपा सांसदों में तकरीबन आधा दर्जन का टिकट कट सकता है। धनबाद, पलामू के सांसद को उम्र के आधार पर टिकट से वंचित किया जा सकता है, तो बाकी संसदीय सीटों पर सर्वे रिपोर्ट के आधार पर उम्मीदवारी तय की जाएगी।
इसे भी पढ़ें