रांची। पंचायत स्वयंसेवकों पर हुए लाठीचार्ज ने भाजपा को राज्य सरकार को घेरने का एक मुद्दा दे दिया हैं। पार्टी के नेता इसे भुनाने में जुट गये हैं। पहले तो नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने तत्काल ही कड़े शब्दों में इसकी निंदा की। फिर रात में लाठीचार्ज के घायलों से मिलने अस्पताल पहुंच गये।
सिर्फ वही नहीं, बल्कि भाजपा विधायक अनंत ओझा और समरी लाल समेत कई भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिले। फिर सरकार को इस घटना के लिए जिम्मेदार बताते हुए जमकर कोसा।
इतना ही नहीं, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने तो बकायदा प्रेस कांफ्रेंस कर इस घटना की निंदा करते हुए इसे राज्य सरकार की हिटलरशाही बता दिया।
वहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी घटना के कुछ देर बाद बयान जारी कर घटना की निंदा की और राज्य सरकार को तानाशाह बताया। सबसे पहले बात करते हैं अमर बाउरी की। अमर बाउरी ने इसे युवाओं पर हमला बताया। कहा कि राज्य सरकार आवाज उठानेवालों को कुचल रही है।
बाउरी इतने पर ही नहीं रूके, बल्कि रात में पारस हॉस्पिटल पहुंचे, जहां लाठीचार्ज के घायलों को भर्ती कराया गया है। वहीं, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड में सरकार तानाशाही पर उतर आई है। बता दें कि गुरुवार को पंचायत स्वयंसेवक अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
उन पर उस समय लाठीचार्ज किया गया जब वे लोग बैरिकेडिंग हटा कर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस लाठी चार्ज में लगभग दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। इनमें से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।