Punaura Dham:
पटना,एजेंसियां। बिहार के सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में 8 अगस्त 2025 को माता सीता के भव्य जानकी मंदिर का शिलान्यास होने जा रहा है। यह मंदिर अयोध्या के प्रसिद्ध राम मंदिर से मात्र 5 फीट छोटा होगा और इसका निर्माण वही वास्तुकार चंद्रकांत करेंगे, जिन्होंने राम मंदिर का निर्माण कार्य संभाला था। जानकी मंदिर की कुल लागत लगभग 883 करोड़ रुपए निर्धारित की गई है और इसे अगस्त 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
क्यों है खास ये मंदिर?
यह मंदिर न केवल बिहार के लिए, बल्कि पूरे भारत के लिए एक सांस्कृतिक और धार्मिक गौरव का प्रतीक बनेगा। इसके साथ ही तीर्थयात्रियों के लिए धर्मशाला, आवास, सांस्कृतिक केंद्र और पर्यटन सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। बिहार सरकार इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
शिलान्यास समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना है। इस अवसर पर बिहार में दीपावली जैसा उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें घर-घर दीप जलाए जाएंगे और पुनौरा धाम में 51 हजार दीपों से पूरा परिसर जगमगाया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और ढोल-नगाड़ों के साथ मठ-मंदिरों में पूजन-अर्चन का विशेष आयोजन भी होगा।
क्या है पुनौरा धाम?
पुनौरा धाम वह पवित्र स्थल है जहां राजा जनक ने हल जोतते हुए माता सीता को धरती से प्राप्त किया था। इस मंदिर के माध्यम से नारी शक्ति, मर्यादा और भारतीय संस्कृति की प्रतिष्ठा को वैश्विक मंच पर स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। जानकी मंदिर बिहार की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।
इस कार्यक्रम के दौरान अमित शाह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीतामढ़ी से दिल्ली के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जो क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह ऐतिहासिक आयोजन बिहारवासियों के लिए गर्व और उत्साह का अवसर है।
इसे भी पढ़ें