Nitish Kumar resignation: नीतीश के बाद बिहार की कमान किसके हाथ? सम्राट चौधरी सबसे आगे, BJP कर सकती है बड़ा फैसला

4 Min Read

Nitish Kumar resignation

पटना, एजेंसियां। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि राज्य में उनके लंबे राजनीतिक दौर का अंत हो सकता है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। भाजपा और जदयू दोनों दलों के भीतर कई नामों पर चर्चा तेज हो गई है और सत्ता के नए समीकरण भी बनते नजर आ रहे हैं।

सत्ता के नए फॉर्मूले पर चर्चा

राजनीतिक गलियारों में फिलहाल दो संभावित फॉर्मूलों की चर्चा हो रही है। पहला, यदि भाजपा का मुख्यमंत्री बनता है तो जदयू के दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। दूसरा, अगर जदयू का मुख्यमंत्री बना रहता है तो भाजपा के दो डिप्टी सीएम हो सकते हैं। इस संतुलन के जरिए दोनों दल अपने राजनीतिक समीकरणों को साधने की कोशिश करेंगे।

भाजपा चाहती है अपना मुख्यमंत्री

सूत्रों के मुताबिक भाजपा इस बार किसी भी सूरत में अपना मुख्यमंत्री बनाना चाहती है। पार्टी को याद है कि वर्ष 2000 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के पास ज्यादा सीटें होने के बावजूद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया गया था। अब जब भाजपा राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है, तो नेतृत्व अपने ही नेता को मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में है।

सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे

भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे मजबूत दावेदार सम्राट चौधरी माने जा रहे हैं। वे कोइरी समुदाय से आते हैं और बिहार की राजनीति में ‘लव-कुश’ समीकरण का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। राजनीतिक अनुभव, संगठन में पकड़ और आक्रामक शैली उन्हें भाजपा के लिए मजबूत विकल्प बनाती है। वे पहले भी मंत्री और डिप्टी सीएम के रूप में काम कर चुके हैं।

विजय सिन्हा भी रेस में

भाजपा के दूसरे बड़े दावेदार विजय सिन्हा हैं, जो वर्तमान में डिप्टी सीएम हैं। उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा नेतृत्व का भरोसेमंद नेता माना जाता है। वे लगातार चुनाव जीतते रहे हैं और विधानसभा स्पीकर समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी प्रशासनिक क्षमता दिखा चुके हैं। हालांकि उनकी जातीय पृष्ठभूमि को लेकर राजनीतिक समीकरणों में चुनौती भी मानी जा रही है।

जदयू के संभावित चेहरे

अगर जदयू को मुख्यमंत्री पद मिलता है तो विजय चौधरी का नाम सबसे प्रमुख माना जा रहा है। उन्हें नीतीश कुमार का करीबी और भरोसेमंद नेता माना जाता है। इसके अलावा यह भी चर्चा है कि नीतीश कुमार अपने बेटे निशांत कुमार को राजनीति में बड़ी भूमिका दे सकते हैं।

चौंका सकती है भाजपा

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा अंतिम समय में किसी नए चेहरे पर भी दांव लगा सकती है। पार्टी EBC या किसी अन्य पिछड़े वर्ग के नेता को मुख्यमंत्री बनाकर सभी को चौंका सकती है। फिलहाल बिहार की राजनीति में अगले मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बरकरार है।

Share This Article