Union Budget 2026:
पटना, एजेंसियां। केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर विपक्ष के तेवर तीखे बने हुए हैं। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बजट, राज्यपाल के अभिभाषण और पटना में हुई नीट छात्रा की मौत के मामले पर सरकार को घेरा। इस दौरान उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की साड़ी को लेकर भी तंज कसा।
तेजस्वी यादव ने कहा
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बजट में कुछ भी नया नहीं है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब बिहार में चुनाव थे, तब वित्त मंत्री ने मिथिला की साड़ी पहनी थी और अब जब तमिलनाडु में चुनाव हैं, तो वहां की साड़ी पहनी गई है। तेजस्वी के मुताबिक, बजट में बदलाव से ज्यादा सिर्फ दिखावे की राजनीति नजर आ रही है।
राज्यपाल के अभिभाषण पर सवाल
राज्यपाल के अभिभाषण पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है। सरकार के अधिकारी जो लिखकर देते हैं, वही राज्यपाल पढ़ देते हैं। उन्होंने दावा किया कि अभिभाषण में हरियाली और विकास की बातें की गईं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। तेजस्वी ने कहा कि पिछले 10 सालों से वही बातें दोहराई जा रही हैं।
नीट छात्रा की मौत पर सरकार को घेरा
पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले पर तेजस्वी यादव ने सीबीआई जांच पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीबीआई से ज्यादा उम्मीद नहीं की जा सकती, क्योंकि सृजन घोटाला और नवरुणा कांड जैसे मामलों में भी अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है।
व्हीलचेयर पर सदन पहुंचे तेजस्वी
बजट सत्र के पहले दिन तेजस्वी यादव व्हीलचेयर के सहारे विधानसभा पहुंचे। बताया गया कि उनके पैर के अंगूठे के नाखून में चोट लगने के बाद ऑपरेशन हुआ था। आरजेडी ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी थी।
