Tejashwi Yadav:
पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मंगलवार को पटना स्थित अपने सरकारी आवास पोलो रोड में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एग्जिट पोल्स को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि “ये सारे एग्जिट पोल्स पीएमओ से सेट किए गए हैं, ताकि काउंटिंग के दिन अधिकारियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाया जा सके।”
तेजस्वी ने किया दावा:
तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार में इस बार बदलाव तय है। उन्होंने कहा, “14 नवंबर को परिणाम आएंगे और 18 नवंबर को नई सरकार शपथ लेगी। भाजपा और एनडीए के लोग घबराए हुए हैं क्योंकि जनता अब परिवर्तन चाहती है।”आरजेडी नेता ने बताया कि 2020 की तुलना में इस बार 72 लाख अधिक लोगों ने मतदान किया, जो सरकार विरोधी लहर का संकेत है। उनके अनुसार, “हर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 30 हजार ज्यादा मत पड़े हैं। यह वोट सरकार बचाने के लिए नहीं, बल्कि सरकार बदलने के लिए डाले गए हैं।”
तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया:
तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि पिछली बार मतगणना के दौरान बेईमानी और देरी हुई थी, लेकिन इस बार “महागठबंधन के कार्यकर्ता मतगणना केंद्रों पर पूरी तरह सतर्क रहेंगे और वोट चोरी नहीं होने देंगे।”उन्होंने कहा कि इस बार ‘नौकरी वाली सरकार’ और ‘कलम राज’ की स्थापना होगी। तेजस्वी ने दावा किया कि उन्हें जनता से 1995 से भी बेहतर फीडबैक मिला है और भारी मतदान इसका सबूत है।तेजस्वी यादव का यह बयान तब आया है जब 15 में से 14 एग्जिट पोल्स ने एनडीए को बहुमत दिया है। हालांकि, आरजेडी प्रमुख ने कहा कि “एग्जिट पोल्स नहीं, जनता के वोट असली सच्चाई बताएंगे।”तेजस्वी ने अंत में कहा – “जनता ने मन बना लिया है, अब बिहार में बदलाव होकर रहेगा।”

















