Bihar School Closed: पटना में 26 दिसंबर तक स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश

2 Min Read

Bihar School Closed

पटना, एजेंसियां। बिहार की राजधानी पटना में कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर अहम फैसला लिया है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि जिले में कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल 26 दिसंबर 2025 तक बंद रहेंगे। यह फैसला बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

कक्षा 9 से 12 तक सीमित समय में पढ़ाई

डीएम के आदेश के अनुसार, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए स्कूल पूरी तरह बंद नहीं रहेंगे। इन कक्षाओं की पढ़ाई सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित होगी। इससे छात्रों को सुबह की कड़ाके की ठंड से राहत मिल सकेगी।

मौसम विभाग की चेतावनी बनी वजह

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। हालांकि अगले दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरने का अनुमान है। इसी को देखते हुए प्रशासन सतर्क है।

अन्य जिलों में भी स्कूल बंद

पटना के अलावा राज्य के कई अन्य जिलों में भी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। समस्तीपुर में कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूल 27 दिसंबर तक बंद रहेंगे। वहीं शिवहर, पूर्णिया, अररिया, सीवान, भोजपुर, गोपालगंज और सीतामढ़ी में भी 24 दिसंबर तक स्कूल बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है।

अगले तीन दिनों के लिए कोल्ड डे अलर्ट

मौसम विभाग ने बिहार के लिए अगले तीन दिनों तक कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और सरकारी निर्देशों का पालन करें।

Share This Article