Sanjay Sarawgi Bihar BJP president:
पटना, एजेंसियां। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बिहार में नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। संजय सरावगी ने गुरुवार को बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल की जगह ली। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान दिलीप जायसवाल ने संजय सरावगी के संगठनात्मक अनुभव की सराहना की। उन्होंने कहा कि संजय सरावगी एक अनुभवी संगठनकर्ता हैं और दरभंगा से लगातार चुनाव जीतकर जनता का भरोसा हासिल किया है। जायसवाल ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के अनुरूप संजय सरावगी के नेतृत्व में बिहार बीजेपी और अधिक मजबूत होगी।
संगठन से राजनीति तक का सफर
संजय सरावगी का जन्म 28 अगस्त 1969 को दरभंगा में हुआ। उन्होंने एम.कॉम और एमबीए तक की शिक्षा प्राप्त की है। उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े और वर्ष 1995 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।
लगातार चुनावी सफलता
संजय सरावगी पहली बार 2005 में दरभंगा सदर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। इसके बाद उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पकड़ साबित की। इसके अलावा वे दरभंगा नगर निगम में वार्ड पार्षद के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। वर्ष 2018 में उन्हें बिहार विधानसभा की एस्टीमेट कमेटी का चेयरमैन बनाया गया था।
पूर्व अध्यक्ष ने जताया आभार
अपने 17 महीने के कार्यकाल को याद करते हुए दिलीप जायसवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार बनाने में जनता का समर्थन मिला और अब संजय सरावगी के नेतृत्व में संगठन नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा।








