CM Nitish Kumar: बेतिया से ‘समृद्धि यात्रा’ की शुरुआत, आज जनता के बीच उतरेंगे CM नीतीश कुमार

2 Min Read

CM Nitish Kumar

बेतिया, एजेंसियां। बिहार में नई सरकार के गठन के करीब दो महीने बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज, 16 जनवरी से राज्यव्यापी ‘समृद्धि यात्रा’ की शुरुआत कर रहे हैं। इस यात्रा का पहला पड़ाव पश्चिमी चंपारण का बेतिया होगा। मुख्यमंत्री की यह यात्रा 16 जनवरी से 26 फरवरी तक चलेगी, जिसके दौरान वह विभिन्न जिलों का दौरा कर विकास योजनाओं की समीक्षा और नई घोषणाएं करेंगे।

बेतिया को मिलेंगी बड़ी विकास योजनाएं

समृद्धि यात्रा के पहले दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बेतिया को कई अहम सौगात देने जा रहे हैं। वह 153 करोड़ रुपये की लागत से 125 योजनाओं का शिलान्यास और 29 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे हेलीकॉप्टर से बेतिया पहुंचेंगे और कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे रमना मैदान में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे और कृषि मेले का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी उनके साथ रहेंगे।

यात्रा का बदला हुआ शेड्यूल

मुख्यमंत्री की यात्रा का शेड्यूल पहले से तय था, हालांकि इसमें आंशिक बदलाव किया गया है। पहले 21 जनवरी को सिवान और 22 जनवरी को सारण जाने का कार्यक्रम था, लेकिन अब 21 जनवरी को सारण और 22 जनवरी को सिवान का दौरा होगा। 24 जनवरी को कर्पूरी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पटना में कार्यक्रम में शामिल होंगे और इसके बाद वैशाली में यात्रा समाप्त करेंगे। 25 और 26 जनवरी को वे पटना में ही रहेंगे।

विकास से समृद्धि की ओर सरकार का लक्ष्य

इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 तक प्रगति यात्रा की थी, जिसमें विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई थी। अब समृद्धि यात्रा के जरिए सरकार का फोकस विकास को आर्थिक मजबूती, रोजगार, ग्रामीण समृद्धि और बुनियादी ढांचे से जोड़ने पर रहेगा। इस दौरान सात निश्चय-2 और सात निश्चय-3 योजनाओं की भी व्यापक समीक्षा की जाएगी।

Share This Article