Samrat Choudhary:
पटना, एजेंसियां। बिहार में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को घोषणा की कि स्कूल और कॉलेजों के बाहर अब पिंक पुलिस फोर्स की तैनाती की जाएगी। इसका उद्देश्य है कि पढ़ने जाने वाली बेटियों को किसी भी तरह की छेड़छाड़, उत्पीड़न या मनचलों की हरकतों का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रोमियो टाइप लड़कों पर अब बिहार पुलिस की नजर होगी और किसी भी तरह की बदसलूकी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
गृह मंत्री ने क्या कहा?
गृह मंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही उन्होंने भू-माफिया और बालू माफिया पर भी कड़े शब्दों में चेतावनी दी। सम्राट चौधरी ने बताया कि ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ बड़े स्तर पर एक्शन शुरू होगा। उनके मुताबिक, “जो भी ऑर्गेनाइज्ड क्राइम करेगा, उसके खिलाफ बिहार पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।”
गृह विभाग की कार्य समीक्षा:
गृह विभाग की कार्य समीक्षा के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार में अब अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह पहली बार है जब बिहार में गृह मंत्रालय बीजेपी के पास आया है। इससे पहले यह विभाग हमेशा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास रहता था। इसलिए इस बार सम्राट चौधरी की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक हलकों में कई चर्चाएं गर्म हैं।
गृह मंत्री बनने के बाद से ही सम्राट चौधरी ने साफ संकेत दिया है कि बिहार में सुशासन की सरकार है और अपराधियों के लिए यहां कोई जगह नहीं। उनकी घोषणा के बाद छात्राओं और अभिभावकों के बीच सुरक्षा को लेकर उम्मीद बढ़ी है कि पिंक पुलिस फोर्स से मनचलों की हरकतों पर लगाम लगेगी।







