Rahul Gandhi: बिहार: राहुल गांधी ने बीजेपी पर लगाया फर्जी वोट डालने का आरोप

3 Min Read

Rahul Gandhi:

पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बांका जिले के अमरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा का चुनाव बीजेपी ने चोरी किया था और अब वही कोशिश बिहार में भी कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा देशभर में ‘वोट चोरी’ की योजना लागू कर रही है और बिहार की जनता इसे रोकने के लिए सतर्क रहे।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में दावा किया

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में दावा किया कि बीजेपी के कई नेताओं ने गुरुवार को बिहार में वोट डाला और वही लोग दिल्ली चुनाव में भी वोट डाल चुके थे। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा नेताओं को एक से ज्यादा वोट डालने की अनुमति मिल रही है, वहीं कांग्रेस और महागठबंधन के समर्थकों के वोट कट रहे हैं। उन्होंने भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वे दिल्ली और बेगूसराय दोनों जगह वोट डालते दिख रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने यह कहा

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि बिहार में फर्जी वोटर लिस्टें आने की संभावना है और भाजपा के लोग फर्जी वोट डालने की कोशिश करेंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे पोलिंग बूथ पर खड़े होकर वोट चोरी को रोकें। राहुल ने कहा, “हमारे संविधान में हिंदुस्तान की जनता की आवाज है, लेकिन भाजपा अमीरों की मदद करने और जनता का धन लूटने के लिए वोट चोरी करती है। बिहार की जनता इसे किसी कीमत पर होने नहीं देगी।”

राहुल गांधी का यह आरोप चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में बीजेपी पर सीधा निशाना साधता है। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि बिहार की जनता जागरूक है और किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं करेगी। उनके संबोधन ने महागठबंधन समर्थकों में जोश और मतदान के प्रति सतर्कता बढ़ाने का संदेश भी दिया।

इसे भी पढ़ें

Rahul Gandhi Vote Rights Yatra: आज नवादा, नालंदा और शेखपुरा में जनसभाएं

Share This Article