Pappu Yadav Bihar revelation
पटना, एजेंसियां। बिहार में पप्पू यादव ने बड़ा चौंकाऊ खुलासा किया है। उनके द्वारा वायरल किये गये एक वीडियो में नर्स से बातचीत दिखाई गई है। इस वीडियो ने बिहार में भूचाल ला दिया है। दरअसल, पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब और भी गहरा गया है।
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव द्वारा जारी एक वायरल वीडियो ने इस केस में नया मोड़ ला दिया है। वीडियो में अस्पताल की एक महिला नर्स ने सनसनीखेज खुलासे करते हुए अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की अब तक की थ्योरी को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
नर्स ने दी अंदरूनी जानकारी
सांसद से बातचीत में नर्स ने दावा किया कि जब छात्रा को अस्पताल लाया गया, तो उसके प्राइवेट पार्ट में झाग और खून के धब्बे थे। नर्स ने पुलिस के ‘पीरियड्स’ वाले दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि डॉक्टर ने जांच के बाद स्पष्ट कहा था कि या तो छात्रा का अबॉर्शन हुआ है या उसने गर्भपात की दवा ली है।
होश आते ही रोने लगी थी छात्रा
नर्स के अनुसार, भर्ती होने के दो दिन बाद छात्रा को होश आया था और वह रोने लगी थी। उसने इशारों में अपनी मां को बताया था कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। लेकिन, संदिग्ध परिस्थितियों में उसे नींद का इंजेक्शन देकर दोबारा कोमा में भेज दिया गया, जिसके बाद उसकी स्थिति बिगड़ती चली गई।
अज्ञात महिला कौन थी..
वीडियो में यह भी खुलासा हुआ है कि अस्पताल में एक अज्ञात महिला आई थी, जिसने छात्रा की मां को इलाज के नाम पर भारी रकम का प्रलोभन दिया था। हालांकि, मां ने पैसे ठुकराते हुए सिर्फ अपनी बेटी की सलामती मांगी थी। यह प्रलोभन इस मामले में किसी रसूखदार की संलिप्तता की ओर इशारा करता है।
नर्स को मिल रही धमकीः
नर्स ने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि सच्चाई सामने आने के बाद से अस्पताल प्रबंधन उसे लगातार धमका रहा है। उसे काम पर न आने पर एफआईआर दर्ज कराने और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकियां दी जा रही हैं। इसी डर की वजह से वह अब सामने आने से कतरा रही है।
25 से ज्यादा लोगों की हो चुकी डीएनए जांच
इस बीच, एसआईटी की टीम 25 से ज्यादा लोगों का डीएनए टेस्ट करा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर एम्स पटना से सेकंड ओपिनियन मांगा गया है। पप्पू यादव इस मुद्दे को लेकर संसद तक आवाज उठा चुके हैं और शंभू हॉस्टल के मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।







