Nitish Kumar के बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री, थामेंगे JDU का दामन

3 Min Read

Nitish Kumar

पटना, एजेंसियां। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही सक्रिय राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, निशांत कुमार रविवार (8 मार्च) को औपचारिक रूप से जनता द यूनाइटेड में शामिल होंगे। यह फैसला शुक्रवार शाम पटना में आयोजित जदयू विधायकों की बैठक के बाद लिया गया। पार्टी के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार ने इस बात की पुष्टि की है।

राज्यभर का दौरा करेंगे निशांत

जदयू नेता नीरज कुमार ने बताया कि निशांत कुमार ने राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया है। पार्टी में शामिल होने के बाद वह जल्द ही पूरे बिहार का दौरा करेंगे। इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बैठक के दौरान पार्टी विधायकों को आश्वस्त किया कि चिंता की कोई बात नहीं है और वे आगे भी सभी विधायकों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

बैठक में सरकार गठन पर नहीं हुई चर्चा

नीरज कुमार के अनुसार, जदयू विधायकों की बैठक में सरकार गठन या राजनीतिक समीकरणों पर कोई चर्चा नहीं हुई। बैठक मुख्य रूप से पार्टी संगठन और आने वाली राजनीतिक गतिविधियों को लेकर आयोजित की गई थी।
उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य फोकस संगठन को मजबूत करना और आगामी राजनीतिक रणनीति तय करना है।

भाजपा ने भी दी प्रतिक्रिया

निशांत कुमार की संभावित राजनीतिक एंट्री पर भाजपा की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा प्रवक्ता Pratul Shah Deo ने कहा कि यदि निशांत राजनीति में आ रहे हैं तो यह केवल इसलिए नहीं है कि वे किसी मुख्यमंत्री के बेटे हैं, बल्कि उनके भीतर भी राजनीति के लिए आवश्यक योग्यता हो सकती है।
उन्होंने कहा कि जब निशांत कुमार औपचारिक रूप से राजनीति में सक्रिय हो जाएंगे, तब उनके काम और भूमिका के आधार पर ही उचित टिप्पणी करना बेहतर होगा।

राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल

इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में राज्यसभा के लिए उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है। गुरुवार को उन्होंने आधिकारिक रूप से अपना पर्चा दाखिल किया, जिसके बाद बिहार की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Share This Article